उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में व्यापारियों संग बैठक, गुड्स टर्मिनल सुविधाओं के उन्नयन पर चर्चा
लखनऊ। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में बुधवार को अपर मंडल रेल प्रबंधक नीलिमा सिंह की अध्यक्षता में मंडल के विभिन्न गुड्स टर्मिनलों/साइडिंगों से जुड़े औद्योगिक एवं व्यापारिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) प्रशांत कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश कुमार श्रीवास्तव तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रमुख उद्योगों के प्रतिनिधियों ने लिया भाग
बैठक में लखनऊ मंडल की फूलपुर, गौरीगंज, टांडा, ऊँचाहार, अमौसी, जैतीपुर, कुंदनगंज एवं सिंदुरवा गुड्स टर्मिनल से जुड़े प्रमुख उद्योगों एवं व्यापारिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव (IFFCO), इंडोरामा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, एसोसिएटेड सीमेंट कंपनी (ACC), टांडा थर्मल पावर हाउस, फिरोज गांधी थर्मल पावर प्रोजेक्ट, आरसीसीपीएल प्रा. लि., अल्ट्राटेक सीमेंट, भारतीय खाद्य निगम (FCI), इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, एचपीसीएल तथा अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि शामिल रहे।
लंबित मुद्दों की हुई विस्तृत समीक्षा
बैठक के दौरान प्रत्येक गुड्स साइडिंग से संबंधित लंबित (Outstanding) मुद्दों की विस्तार से समीक्षा की गई। व्यापारियों द्वारा लोडिंग-अनलोडिंग, परिचालन सुविधा, आधारभूत संरचना, सड़क संपर्क, प्रकाश व्यवस्था, वैगन उपलब्धता तथा अन्य परिचालन संबंधी आवश्यकताओं से जुड़े सुझाव प्रस्तुत किए गए।
अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
अपर मंडल रेल प्रबंधक नीलिमा सिंह ने व्यापारियों की आवश्यकताओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में विशेष रूप से व्यापारियों की जरूरतों के अनुरूप गुड्स साइडिंगों के उन्नयन (upgradation), आधुनिक सुविधाओं के विकास तथा माल परिवहन को अधिक सुगम, त्वरित एवं ग्राहक-अनुकूल बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) प्रशांत कुमार ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा तथा रेल माल परिवहन को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश कुमार श्रीवास्तव ने गुड्स ट्रैफिक को गति देने के लिए रेलवे द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
