Search News

'एक पेड़ मां के नाम' अभियान: सुरेश खन्ना और महापौर सुषमा खर्कवाल ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

लखनऊ के आजाद पार्क में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना और महापौर सुषमा खर्कवाल ने 100 से अधिक पौधे लगाए। पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के लिए नागरिकों से पौधों की देखभाल का आह्वान किया गया।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: July 15, 2026

लखनऊ में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को मिली नई गति, आजाद पार्क में लगाए गए 100 से अधिक पौधे

लखनऊ। पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत मंगलवार को राजधानी के राजीव गांधी प्रथम वार्ड स्थित विनीत खंड-6 के आजाद पार्क में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना और महापौर सुषमा खर्कवाल ने पौधारोपण कर नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अभियान के तहत पार्क परिसर में आंवला, बॉटल ब्रश, गुड़हल, चांदनी और गुलचीन सहित विभिन्न प्रजातियों के 100 से अधिक पौधे लगाए गए। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना, महापौर सुषमा खर्कवाल, स्थानीय पार्षद संजय सिंह राठौर और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने पौधारोपण करते हुए लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

35 करोड़ से अधिक पौधारोपण का ऐतिहासिक अभियान

प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 12 जुलाई को पूरे प्रदेश में आयोजित "वृक्षारोपण महायज्ञ-2026" ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नया इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बल पर 35 करोड़ 27 लाख से अधिक पौधे लगाने का ऐतिहासिक लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया, जो प्रदेश की पर्यावरणीय प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से लखनऊ नगर निगम इस अभियान को लगातार आगे बढ़ा रहा है। इसी क्रम में आजाद पार्क में पौधारोपण किया गया है। उन्होंने घोषणा की कि नगर निगम अब हर मंगलवार शहर के किसी एक पार्क में पौधारोपण अभियान चलाएगा, जिससे शहर की हरियाली बढ़ेगी और अधिक से अधिक नागरिक इस अभियान से जुड़ेंगे।

महापौर ने नागरिकों से किया पौधों के संरक्षण का आह्वान

महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। नगर निगम शहर के हरित क्षेत्र को बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है और जनसहभागिता के माध्यम से इस अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लें।

कार्यक्रम में नगर आयुक्त गौरव कुमार, पार्षद संजय सिंह राठौर, जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी, अधिशासी अभियंता अतुल मिश्रा, जोनल सेनेटरी ऑफिसर पंकज शुक्ला, उद्यान अधीक्षक शशिकांत शशि, गंगाराम गौतम, विनीत खंड-6 रेजीडेंट वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष वी.पी. श्रीवास्तव, पूर्व अध्यक्ष अर्चना शुक्ला, उपाध्यक्ष कर्नल एन.पी. सिंह सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Breaking News:

Recent News: