Search News

एकेटीयू का 24वां दीक्षांत आज, 62,537 छात्रों को मिलेगी डिग्री, 84 पदकों से होंगे 83 मेधावी सम्मानित

AKTU
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: July 6, 2026

• राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी अध्यक्षता, इंडियन ऑयल के चेयरमैन अरविंदर सिंह साहनी होंगे मुख्य अतिथि, पांच श्रेणियों में दिए जाएंगे स्टूडेंट स्टार्टअप अवॉर्ड

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) का 24वां दीक्षांत समारोह मंगलवार, 7 जुलाई को विश्वविद्यालय परिसर स्थित पं. अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय सभागार में आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। मुख्य अतिथि के रूप में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन अरविंदर सिंह साहनी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल मौजूद रहेंगे। दीक्षांत समारोह में 62,537 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी, जबकि 53 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा 83 मेधावी विद्यार्थियों को 84 पदक दिए जाएंगे। इनमें 35 स्वर्ण, 23 रजत और 24 कांस्य पदक शामिल हैं। पदक विजेताओं में 52 छात्राएं और 31 छात्र हैं। इस वर्ष चांसलर मेडल अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज, गाजियाबाद की बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की छात्रा अंशिका राणा को मिलेगा। वहीं कमल रानी वरुण स्मृति स्वर्ण पदक केआईईटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की छात्रा इशिका को प्रदान किया जाएगा। रोगन कला के प्रसिद्ध कलाकार कंसारा आशीष शांतिलाल को डी.लिट. की मानद उपाधि से सम्मानित किया जाएगा।

 

पांच श्रेणियों में मिलेंगे स्टार्टअप अवॉर्ड

दीक्षांत समारोह में लगातार दूसरे वर्ष विद्यार्थियों को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करने हेतु पांच श्रेणियों में स्टूडेंट स्टार्टअप अवॉर्ड प्रदान किए जाएंगे। इनमें वूमेन लेड स्टार्टअप, बेस्ट डीप टेक स्टूडेंट स्टार्टअप, बेस्ट टेक इनोवेशन स्टार्टअप, एग्रीकल्चर एंड एग्रीटेक स्टार्टअप तथा सस्टेनेबल एंड ग्रीन स्टार्टअप श्रेणियां शामिल हैं। विश्वविद्यालय का दावा है कि प्रदेश में यह पहल करने वाला एकेटीयू पहला तकनीकी विश्वविद्यालय है।

 

बच्चों को सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी

समारोह के दौरान राज्यपाल विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए छह गांवों के विद्यालयों में आयोजित चित्रकला, कहानी कथन और भाषण प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को सम्मानित करेंगी। पर्यावरण एवं जल संरक्षण पर आधारित गीत-नाट्य की प्रस्तुति भी दी जाएगी। बाल गृह बालिका, सिंधीखेड़ा के 15 बच्चों का समूह लोकनृत्य प्रस्तुत करेगा। इसके साथ ही पांच आंगनबाड़ी केंद्रों को सांकेतिक रूप से किट वितरित की जाएगी। दीक्षांत समारोह के बाद विश्वविद्यालय परिसर में मां-बेटी सम्मेलन का भी आयोजन होगा।

 

नैक में ए प्लस ग्रेडिंग बड़ी उपलब्धि

पत्रकारवार्ता में कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय ने बताया कि विश्वविद्यालय ने अपने 25 वर्ष के इतिहास में पहली बार नैक मूल्यांकन में ए प्लस ग्रेड हासिल कर तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। विश्वविद्यालय में पहली बार अंतर्विषयी बीटेक पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और वीएलएसआई जैसी नई तकनीकों पर आधारित पाठ्यक्रमों को छात्रों का अच्छा प्रतिसाद मिला है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत मेजर के साथ माइनर डिग्री की व्यवस्था लागू की गई है। स्पेस और क्वांटम टेक्नोलॉजी में भी माइनर डिग्री शुरू की गई है। छात्रों को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षित करने के लिए नियमित प्रशिक्षण, कार्यशालाएं और कैंपस प्लेसमेंट अभियान संचालित किए जा रहे हैं।

 

नवाचार और स्टार्टअप को मिलेगा बढ़ावा

कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए 100 करोड़ रुपये की इनोवेशन निधि बनाई गई है। 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन इन्क्यूबेशन सेंटर' की स्थापना की जा रही है तथा कलाम पेटेंट सेंटर भी स्थापित किया गया है। इसके अलावा विश्वेश्वरैया रिसर्च प्रमोशन स्कीम के तहत शोधार्थियों की संख्या 25 से बढ़ाकर 50 कर दी गई है। पत्रकारवार्ता में कुलसचिव रीना सिंह, वित्त अधिकारी केशव सिंह और परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नगरिया भी उपस्थित रहे।

Breaking News:

Recent News: