Search News

एमएसएमई के लिए रेलवे में व्यापक अवसर : आरडीएसओ

आरडीएसओ ने लखनऊ के गोमती नगर में वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम में भाग लिया, MSME उद्यमियों को रेलवे खरीद प्रक्रिया व वेंडर अनुमोदन की दी जानकारी।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: August 22, 2026

एमएसएमई के लिए रेलवे में व्यापक अवसर : आरडीएसओ

लखनऊ। अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) ने एमएसएमई-डीएफओ, कानपुर की ओर से 20 और 21 अगस्त को लखनऊ के पीएचडी हाउस, गोमती नगर में आयोजित वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम एवं प्रदर्शनी में सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम में एमएसएमई प्रतिनिधियों को भारतीय रेल की खरीद आवश्यकताओं और रेलवे को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद एवं सेवाएं उपलब्ध कराने के अवसरों की जानकारी दी गई।

एमएसएमई के लिए रेलवे में व्यापक व्यावसायिक संभावनाएं: आरडीएसओ अधिकारी

कार्यकारी निदेशक/भंडार अक़मल वदूद के नेतृत्व में आरडीएसओ अधिकारियों की टीम ने प्रदर्शनी में शामिल विभिन्न एमएसएमई प्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल में एमएसएमई के लिए व्यापक व्यावसायिक संभावनाएं उपलब्ध हैं। उद्यमियों को नवीन एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के साथ आगे आकर रेलवे की विविध सामग्री आवश्यकताओं को पूरा करने में योगदान देना चाहिए।

वेंडर अनुमोदन प्रक्रिया पर विस्तृत प्रस्तुति

कार्यक्रम में निदेशक/भंडार राकेश गुप्ता ने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से आरडीएसओ की वेंडर अनुमोदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आवश्यकताओं, प्रक्रिया तथा रेलवे उत्पादों के लिए अनुमोदित आपूर्तिकर्ता बनने से जुड़े विभिन्न पहलुओं से प्रतिभागियों को अवगत कराया।

आरडीएसओ स्टॉल पर एमएसएमई प्रतिनिधियों ने दिखाई विशेष रुचि

प्रदर्शनी में लगाए गए आरडीएसओ स्टॉल पर एमएसएमई प्रतिनिधियों ने विशेष रुचि दिखाई। अधिकारियों ने रेलवे में आपूर्ति, वेंडर अनुमोदन और संबंधित प्रक्रियाओं से जुड़े सवालों का समाधान करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

मजबूत वेंडर इकोसिस्टम विकसित करने में मिलेगी मदद

आरडीएसओ अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम एमएसएमई और भारतीय रेल के बीच संवाद एवं सहभागिता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम से रेलवे क्षेत्र में नई औद्योगिक भागीदारी, नवाचार और व्यावसायिक अवसरों को बढ़ावा मिलने के साथ एक सशक्त, प्रतिस्पर्धी एवं सक्षम वेंडर इकोसिस्टम विकसित करने में मदद मिलेगी।

Breaking News:

Recent News: