लखनऊ। कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष वी.पी. मिश्र ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रदेश सरकार के अधीन कार्यरत कर्मचारियों की लंबित मांगों पर शीघ्र सार्थक निर्णय लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न वर्गों के हित में की जा रही घोषणाएं स्वागतयोग्य हैं, लेकिन कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान भी आवश्यक है।
भत्तों की बहाली और DA किस्तों की मांग
वी.पी. मिश्र ने कोविड काल में रोके गए नगर प्रतिकार भत्ते सहित अन्य भत्तों को बहाल करने तथा महंगाई भत्ते की चार किस्तों का भुगतान किए जाने की मांग की। उन्होंने रिक्त पदों पर भर्ती एवं पदोन्नति की प्रक्रिया युद्ध स्तर पर पूरी करने का भी आग्रह किया।
अस्पतालों में स्टाफ की भारी कमी
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में पैरामेडिकल एवं तकनीकी कर्मचारियों की भारी कमी है। इसके चलते स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में कठिनाई हो रही है और मरीजों को डॉक्टर को दिखाने से लेकर दवा प्राप्त करने तक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्या
मोर्चा अध्यक्ष ने आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए कहा कि कम वेतन में कार्य करने के कारण उन्हें परिवार का भरण-पोषण करने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निःशुल्क इलाज की व्यवस्था किए जाने के बावजूद अस्पतालों में पर्याप्त मानव संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध न होने से मरीजों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
श्री मिश्र ने मुख्यमंत्री से कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर प्रदेश में सद्भाव का वातावरण बनाए रखने का आग्रह किया।
