कृषि उत्पादन मंडी समिति में जियो टैगिंग व्यवस्था का व्यापारियों ने किया विरोध, लखनऊ व्यापार मंडल ने उठाई वापसी की मांग

लखनऊ। कृषि उत्पादन मंडी समिति के अंतर्गत व्यापारियों पर लागू की गई जियो टैगिंग व्यवस्था का विरोध तेज हो गया है। मंगलवार को लखनऊ व्यापार मंडल कार्यालय, गौतम बुद्ध मार्ग पर गल्ला एवं खाद्य व्यापारियों की एक आपातकालीन बैठक आयोजित की गई, जिसमें नई व्यवस्था से उत्पन्न व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में व्यापारियों ने एक स्वर में जियो टैगिंग व्यवस्था पर आपत्ति जताते हुए इसे तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की।
व्यापारियों ने बताईं व्यावहारिक समस्याएं
बैठक को संबोधित करते हुए लखनऊ गल्ला खाद्य पदार्थ उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार अग्रवाल ने कहा कि जियो टैगिंग व्यवस्था लागू होने से व्यापारियों को दैनिक कार्यों में कई व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने मांग की कि व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए इस व्यवस्था की समीक्षा कर इसे तत्काल वापस लिया जाए।
मंडी निदेशक से होगी वार्ता
लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से संबंधित अधिकारियों के सामने रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही मंडी निदेशक के साथ बैठक कर व्यापारियों की सभी आपत्तियों और सुझावों से अवगत कराया जाएगा तथा जियो टैगिंग व्यवस्था वापस लेने की मांग प्रमुखता से रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर प्रयास करेगा और आवश्यकता पड़ने पर आगे की रणनीति भी बनाई जाएगी।
बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे
बैठक में अमरनाथ मिश्रा, राजेंद्र कुमार अग्रवाल, मनीष कुमार गुप्ता, राजकुमार अग्रवाल, मोनू, रामशंकर अवस्थी, दीपक कुमार अग्रवाल, जयकुमार अग्रवाल, प्रशांत गर्ग, कृष्ण जीवन रस्तोगी, सचिन अग्रवाल, सौरभ गुप्ता, अखिल केसरवानी, रजत गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गल्ला एवं खाद्य व्यापारी उपस्थित रहे।
