केजीएमयू के डॉ. सुधीर वर्मा को डीएम हेपेटोलॉजी में स्वर्ण पदक, नई दिल्ली में हुआ सम्मान

लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू), लखनऊ के लिए गर्व का क्षण है। विश्वविद्यालय के मेडिसिन विभाग की हेपेटोबिलियरी यूनिट के चिकित्सक डॉ. सुधीर वर्मा को डीएम हेपेटोलॉजी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक (Gold Medal) से सम्मानित किया गया है।
यह प्रतिष्ठित सम्मान नई दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज़ (आईएलबीएस) के 10वें दीक्षांत समारोह में प्रदान किया गया। समारोह में भारत सरकार के केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा तथा दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने डॉ. सुधीर वर्मा को स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
डॉ. सुधीर वर्मा ने आईएलबीएस से डीएम हेपेटोलॉजी की उपाधि प्राप्त की है। परीक्षा में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें यह सर्वोच्च सम्मान मिला, जो चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उनकी प्रतिभा और समर्पण का प्रमाण है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद तथा मेडिसिन विभागाध्यक्ष एवं डीन अकादमिक प्रो. वीरेन्द्र आतम ने डॉ. सुधीर वर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केजीएमयू और आईएलबीएस दोनों संस्थानों की शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रतीक है तथा युवा चिकित्सकों को चिकित्सा अनुसंधान, उच्च शिक्षा और उत्कृष्ट रोगी सेवा के लिए प्रेरित करेगी।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. सुधीर वर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने गुरु प्रो. एस. के. सरीन, अपने माता-पिता, परिवारजनों एवं सभी शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें यकृत (लिवर) एवं पित्त रोगों के उपचार, चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
डॉ. सुधीर वर्मा की इस उपलब्धि पर केजीएमयू एवं आईएलबीएस के संकाय सदस्यों, चिकित्सकों, रेजिडेंट डॉक्टरों और विद्यार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
