Search News

केशव प्रसाद मौर्य ने महिला छात्रावास का शिलान्यास किया, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को करोड़ों की सहायता

लखनऊ में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महिला छात्रावास का शिलान्यास किया। खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए करोड़ों रुपये के अनुदान, लेटर ऑफ कम्फर्ट और उत्कृष्ट उद्यमियों को सम्मानित किया गया। साथ ही सोलर प्लांट स्थापना पर 90% तक अनुदान और हर ब्लॉक में योजनाओं की प्रदर्शनी लगाने के निर्देश भी दिए।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: July 7, 2026

केशव प्रसाद मौर्य ने महिला छात्रावास का किया शिलान्यास, खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को मिली नई रफ्तार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को राजकीय खाद्य प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में महिला छात्रावास का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं में स्थापित नई मशीनों का उद्घाटन किया और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश, रोजगार तथा महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न औद्योगिक इकाइयों को लेटर ऑफ कम्फर्ट, आर्थिक अनुदान के डेमो चेक और प्रशस्ति पत्र वितरित किए।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं से संवाद कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

हर ब्लॉक में लगेगी खाद्य प्रसंस्करण योजनाओं की प्रदर्शनी

अपने संबोधन में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास की नींव गांवों की समृद्धि, किसानों की आय और स्थानीय उद्योगों के विस्तार पर आधारित है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के प्रत्येक विकास खंड स्तर पर खाद्य प्रसंस्करण विभाग की योजनाओं की प्रदर्शनी आयोजित की जाए, ताकि युवाओं, महिलाओं, किसानों और उद्यमियों को सरकारी योजनाओं, अनुदान और रोजगार के अवसरों की जानकारी मिल सके।

सोलर प्लांट पर 90% तक अनुदान

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना पर आकर्षक अनुदान दे रही है। उन्होंने कहा कि यदि कोई इकाई अपने परिसर में सोलर प्लांट स्थापित करती है तो उसे 90 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। इससे ऊर्जा लागत कम होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली इकाइयों का सम्मान

राज्य सरकार ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली कई खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को सम्मानित किया, जिनमें—

  • डियर फूड्स, गोरखपुर
  • सोना गोल्ड एग्रोकेम प्रा. लि., बाराबंकी
  • अविराम क्रीमरीज प्रा. लि., बुलंदशहर
  • सुंदरी फूड इंडस्ट्रीज, बाराबंकी

लाभार्थियों को करोड़ों रुपये के डेमो चेक वितरित

कार्यक्रम में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों को करोड़ों रुपये की अनुदान राशि के डेमो चेक भी प्रदान किए गए। इनमें मल्टीग्रेन फ्लोर मिल, फ्रोजन फ्रूट एवं वेजिटेबल प्रोसेसिंग तथा सोलर पावर प्लांट जैसी परियोजनाएं शामिल रहीं।

रोजगार और महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को रोजगार सृजन, निवेश, किसानों की आय बढ़ाने और महिला सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बना रही है। सरकार का लक्ष्य है कि विभागीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रदेश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़े।

 

Breaking News:

Recent News: