Search News

कोलकाता-बेंगलुरु के ताजे फूलों से सजेगा खाटू श्याम का दरबार, नौ जुलाई को होगा वार्षिक उत्सव

दरबार
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: July 3, 2026

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में नौ जुलाई को वार्षिक उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर बाबा श्याम का दरबार कोलकाता और बेंगलुरु से मंगाए गए ताजे व सुगंधित फूलों से सजाया जाएगा। मंदिर समिति ने उत्सव की तैयारियां तेज कर दी हैं। मंदिर के महामंत्री रुपेश अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष बाबा श्याम का दिव्य फूल बंगला पूरी तरह प्राकृतिक फूलों से तैयार किया जाएगा। सजावट में किसी भी प्रकार के कृत्रिम फूलों का प्रयोग नहीं होगा। रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों से सजा दरबार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। उन्होंने बताया कि उत्सव की शुरुआत प्रातः वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन से होगी। इसके बाद कानपुर के श्याम भक्त कृष्ण कुमार तुलस्यान के सान्निध्य में अखंड ज्योति पाठ का आयोजन किया जाएगा। पूरे दिन भजन-कीर्तन और श्याम संकीर्तन से मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहेगा। मंदिर के कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने बताया कि वार्षिक उत्सव में शामिल होने के लिए अब तक करीब 400 श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दर्शन, प्रसाद वितरण और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंदिर के प्रवक्ता अनुराग साहू ने बताया कि उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। उत्सव के समापन पर रात्रि में विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। मंदिर समिति ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा श्याम के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

Breaking News:

Recent News: