Search News

डीजी पीएसी और एडीजी बरेली जोन पहुंचे बदायूं, महिला पीएसी बटालियन निर्माण कार्य की समीक्षा

बदायूं के ग्राम सैजनी में निर्माणाधीन महिला पीएसी बटालियन का डीजी पीएसी आलोक सिंह, एडीजी रमित शर्मा, डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: July 15, 2026

बदायूं में निर्माणाधीन महिला पीएसी बटालियन का डीजी पीएसी ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और सुरक्षा पर दिए सख्त निर्देश

बदायूं। उत्तर प्रदेश पुलिस की महिला सुरक्षा एवं सुरक्षा बलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के तहत जनपद बदायूं के ग्राम सैजनी (थाना मुसाझाग क्षेत्र) में निर्माणाधीन महिला पीएसी बटालियन परिसर का पुलिस महानिदेशक (पीएसी) आलोक सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन रमित शर्मा, जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माणाधीन भवनों की गुणवत्ता, निर्माण सामग्री के मानक, कार्यों की प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्माण स्थल पर अपनाए जा रहे सुरक्षा उपायों का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, श्रमिकों की सुरक्षा, आवागमन व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों का भी जायजा लिया।

डीजी पीएसी आलोक सिंह ने संबंधित कार्यदायी संस्था एवं अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं तय समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परियोजना के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन परिसर और उसके आसपास की कानून-व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर 8वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक आकाश तोमर, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर राहुल पाण्डेय, प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि तथा संबंधित थाना प्रभारी भी उपस्थित रहे।

 

Breaking News:

Recent News: