लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। दिल्ली पब्लिक स्कूल(डीपीएस) एल्डिको की छात्राओं ने सीबीएसई क्लस्टर-4 बास्केटबॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। 22 से 25 जुलाई 2026 तक रेडिएंट पब्लिक स्कूल, लखनऊ में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-17 बालिका टीम ने उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि अंडर-14 बालिका टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के दौरान दोनों टीमों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतरीन टीम भावना का परिचय दिया। खिलाड़ियों के जुझारू प्रदर्शन और सामूहिक प्रयासों की बदौलत डीपीएस एल्डेको ने प्रतियोगिता में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। विद्यालय की प्रधानाचार्या गुंजन साहनी ने दोनों टीमों की इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने छात्राओं को भविष्य में भी इसी समर्पण और उत्साह के साथ नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी विजेता खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने कहा कि छात्राओं की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

