Search News

दो दिवसीय स्टेट रोलबॉल प्रतियोगिता शुरू, लखनऊ का मिलाजुला प्रदर्शन

17वीं जूनियर यूपी स्टेट रोलबॉल चैम्पियनशिप लखनऊ में शुरू, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान ने किया उद्घाटन, 25 टीमें ले रहीं भाग।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: August 22, 2026

दो दिवसीय स्टेट रोलबॉल प्रतियोगिता शुरू, लखनऊ का मिलाजुला प्रदर्शन

कैनविज टाइम्स संवाददाता। लखनऊ। राजधानी में आयोजित दो दिवसीय स्टेट रोलबॉल चैम्पियनशिप के पहले दिन लखनऊ की टीम का प्रदर्शन मिलाजुला रहा। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान ने किया। रोलबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के सचिव संतोष कुमार श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि का स्वागत बुके, अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया।

मुख्य अतिथि बोले— खेल कोटे से मिल रही सरकारी नौकरी

मुख्य अतिथि पवन सिंह चौहान ने सभी खिलाड़ियों और रेफरी से परिचय प्राप्त किया। अपने संबोधन में उन्होंने खेलों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज खिलाड़ी अपने खेल के माध्यम से न सिर्फ अपना, बल्कि प्रदेश और देश का नाम विश्व में रोशन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार खेलों को बहुत बढ़ावा दे रही है और खिलाड़ियों की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। साथ ही खेल कोटे के अंतर्गत अच्छे प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी दी जा रही है।

25 टीमें ले रहीं भाग, बालक-बालिका दोनों वर्गों में मुकाबला

उत्तर प्रदेश रोलबॉल एसोसिएशन के सचिव संतोष श्रीवास्तव और कोषाध्यक्ष रविन्द्र कपिल ने संयुक्त रूप से बताया कि 17वीं जूनियर उत्तर प्रदेश स्टेट रोलबॉल चैम्पियनशिप का आयोजन लखनऊ रोलबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है। इसमें प्रदेश के अलग-अलग नगरों की 25 टीमें बालक और बालिका वर्ग में प्रतिभाग कर रही हैं।

पहले दिन लीग मुकाबले, लखनऊ की लड़कियों की सेमीफाइनल में एंट्री

प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न टीमों के बीच लीग मैच खेले गए। लखनऊ रोलबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने बताया कि पहले दिन खिलाड़ियों ने स्पीड और बैलेंसिंग का जबरदस्त प्रदर्शन किया। लखनऊ की लड़कियों ने लीग में अपने सभी मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

कार्यक्रम में रहे ये गणमान्य लोग मौजूद

चौक स्टेडियम की क्रीड़ा अधिकारी मशर्रत खा व लखनऊ रोलबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन की सचिव मंजू श्रीवास्तव सहित नीरज श्रीवास्तव, डॉ. अभय, आदित्य बाजपेयी, प्रकाश मिश्रा, सविता सिंह, सुनील शुक्ला, प्रशांत पांडेय, सिराज अहमद, रणविजय त्रिपाठी, राजेश कुमार सिंह, मनीष वर्मा, रामगोपाल, अनंत सिंह तोमर आदि गणमान्य लोग खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन हेतु उपस्थित रहे।

Breaking News:

Recent News: