लखनऊ। उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के नवागत प्रबंध निदेशक योगेश कुमार ने सोमवार को अपना कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ विभागीय योजनाओं एवं जल जीवन मिशन की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक स्वच्छ, सुरक्षित एवं नियमित पेयजल पहुंचाने को अपनी प्राथमिकता बताया।
नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण जलापूर्ति पर जोर
प्रबंध निदेशक ने कहा कि जल निगम (ग्रामीण) ने गांवों में पेयजल आपूर्ति के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किया है। अब जरूरत इस बात की है कि उपलब्ध कराए गए पेयजल कनेक्शनों के साथ ग्रामीण परिवारों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण जलापूर्ति भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा में लक्ष्यों को पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
निगरानी, समन्वय और शिकायत निस्तारण जरूरी
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के उद्देश्यों को जमीन पर प्रभावी रूप से साकार करने के लिए योजनाओं की लगातार निगरानी, विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और जनशिकायतों का समयबद्ध समाधान अत्यंत जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पेयजल से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेते हुए उनके निस्तारण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
जनस्वास्थ्य से सीधा जुड़ाव
श्री योगेश ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता सीधे तौर पर जनस्वास्थ्य और ग्रामीण परिवारों के जीवन स्तर से जुड़ी है। इसलिए निगम की प्राथमिकता केवल योजनाओं को पूरा करना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी संचालन सुनिश्चित करते हुए ग्रामीणों को सुचारु पेयजल सुविधा उपलब्ध कराना भी है।
टीम भावना के साथ आगे बढ़ने का संकल्प
उन्होंने अधिकारियों एवं आमजन से प्राप्त शिकायत और सुझावों को गंभीरता से लेने और त्वरित कार्रवाई करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जल निगम (ग्रामीण) टीम भावना और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए ग्रामीण परिवारों तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य को और मजबूती से आगे बढ़ाएगा।
