Search News

नवीनीकृत डाकघरों से मिलेगी आधुनिक और बेहतर नागरिक सेवाएं

पोस्ट ऑफिस
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: August 24, 2026

लखनऊ,कैनविज टाइम्स संवाददाता। लखनऊ मंडल के तीन नवीनीकृत डाकघरों निराला नगर उप डाकघर, इंदिरा नगर उप डाकघर और गोमती नगर उप डाकघर का सोमवार को उद्घाटन किया गया। भारत सरकार के संचार मंत्री ज्योतिरादित्य मा. सिंधिया और संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से तीनों डाकघरों का लोकार्पण किया। निराला नगर उप डाकघर में आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा मुख्य अतिथि रहे। वहीं, इंदिरा नगर उप डाकघर में बख्शी का तालाब विधानसभा क्षेत्र के विधायक योगेश शुक्ला तथा गोमती नगर उप डाकघर में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य पवन सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह की ओर से भी तीनों नवीनीकृत डाकघरों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ।

आधुनिक सुविधाओं से लैस हुए डाकघर

तीनों डाकघरों की संकल्पना ‘जन सेवा कनेक्ट’ की अवधारणा को ध्यान में रखते हुए स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर, नई दिल्ली द्वारा तैयार की गई है। इनके नए डिजाइन में आधुनिकता, सुगमता और समावेशिता का विशेष ध्यान रखा गया है। इसका उद्देश्य नागरिकों से सीधे जुड़ाव स्थापित करने के साथ उन्हें सुविधाजनक और ग्राहक-केंद्रित सेवाएं उपलब्ध कराना है। डाक विभाग परंपरागत डाक, डाकघर बचत बैंक और बीमा सेवाओं के साथ आधार पंजीकरण एवं संशोधन और पासपोर्ट सेवा केंद्र जैसी नागरिक आधारित सेवाएं भी उपलब्ध करा रहा है। विभाग अपने व्यापक नेटवर्क को आधुनिक, तकनीक-सक्षम और नागरिक केंद्रित सेवा वितरण प्रणाली में लगातार विकसित कर रहा है। नवीनीकृत डाकघर इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इनके माध्यम से डाक सेवाओं को आधुनिक स्वरूप देने के साथ ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप बेहतर सेवा अनुभव उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।

अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में पोस्टमास्टर जनरल, लखनऊ मुख्यालय परिक्षेत्र सुनील कुमार राय, पोस्टमास्टर जनरल (मेल एवं बीडी) अशोक कुमार यादव, निदेशक डाक सेवाएं (मुख्यालय) अनसूया प्रसाद, प्रवर अधीक्षक डाकघर, लखनऊ मंडल आयुष अत्री सहित डाक विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Breaking News:

Recent News: