Search News

पूरनपुर: शेरपुर कला में 1000 पौधों का वृक्षारोपण

पूरनपुर के शेरपुर कला में एपीओ आदर्श वर्मा की मौजूदगी में मनरेगा के तहत 1000 पौधों का वृक्षारोपण किया गया। ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: July 12, 2026

पूरनपुर: एपीओ आदर्श वर्मा की मौजूदगी में शेरपुर कला में 1000 पौधों का वृक्षारोपण, हरियाली बढ़ाने का लिया संकल्प

पूरनपुर (पीलीभीत)। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकासखंड पूरनपुर की ग्राम पंचायत शेरपुर कला में रविवार को वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी (एपीओ) आदर्श वर्मा की मौजूदगी में ग्राम रोजगार सेवक अमानत रसूल के नेतृत्व में लगभग 1000 पौधों का रोपण किया गया।

इस अभियान के तहत आम, अमरूद, जामुन, सागौन, नींबू, यूकेलिप्टस, अनार और शीशम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। मनरेगा योजना के अंतर्गत इन पौधों को सार्वजनिक भूमि, विद्यालय परिसर तथा ग्राम पंचायत की खाली भूमि पर रोपित किया गया, ताकि आने वाले समय में क्षेत्र अधिक हराभरा और पर्यावरण अनुकूल बन सके।

इस अवसर पर एपीओ आदर्श वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन एक गंभीर चुनौती है और इससे निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों और मनरेगा श्रमिकों से अपील करते हुए कहा कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करें, क्योंकि यही पौधे भविष्य में गांव को स्वच्छ वातावरण, छाया और फल प्रदान करेंगे।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रशासक जाने आलम खान, मनरेगा श्रमिकों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। प्रशासक जाने आलम खान ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर हर वर्ष व्यापक पौधरोपण अभियान चलाकर प्रत्येक घर और गांव को हराभरा बनाने का प्रयास किया जाएगा।

ग्राम रोजगार सेवक अमानत रसूल ने बताया कि लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और संरक्षण के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी, ताकि सभी पौधे सुरक्षित रूप से विकसित हो सकें। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का सामूहिक संकल्प लिया।

Breaking News:

Recent News: