लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। प्रगति विचारधारा फाउंडेशन ने संस्था की जूनियर ब्रांड एंबेसडर प्रणति खरे के जन्मदिन के उपलक्ष्य में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया। कार्यक्रम के दौरान बरगद, पीपल, नीम और आम जैसे पारंपरिक एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। इसमें बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। संस्था की अध्यक्ष नेहा खरे ने बताया कि उनकी भतीजी एवं जूनियर ब्रांड एंबेसडर प्रणति खरे का जन्मदिन 1 जुलाई को था। इसी अवसर को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य लोगों को प्रेरित करना है कि वे जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, वैवाहिक समारोह और अन्य शुभ अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं। कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए संस्था की ओर से निशुल्क लेखन सामग्री भी वितरित की गई। नेहा खरे ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही संभव है और छोटे-छोटे प्रयास समाज में बड़ा सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

