बीबीएयू की नई वेबसाइट जल्द लॉन्च होगी, डिजिटल रूप से सशक्त और पारदर्शी सूचना व्यवस्था बनेगी
लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) जल्द ही अपनी नई वेबसाइट लॉन्च करने जा रहा है। आधुनिक डिजिटल तकनीक और केंद्रीकृत डेटाबेस प्रणाली पर आधारित यह वेबसाइट विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध एवं प्रशासनिक सूचनाओं को अधिक व्यवस्थित, सुलभ और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई है। इसे कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में कम्प्यूटर साइंस विभाग ने पूरी तरह इन-हाउस विकसित किया है।
शिक्षकों और अधिकारियों को मिलेगा विशिष्ट लॉगिन
नई व्यवस्था के तहत विश्वविद्यालय के शिक्षक और विभिन्न प्रशासनिक कार्यालय अपने स्तर से संबंधित सूचनाओं को खुद अपडेट और प्रबंधित कर सकेंगे। हर शिक्षक को एक विशिष्ट लॉगिन उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके माध्यम से वे निम्न जानकारियां अपडेट कर सकेंगे:
- शैक्षणिक प्रोफाइल
- शोध प्रकाशन
- परियोजनाएं (प्रोजेक्ट्स)
- पेटेंट
- उपलब्धियां व अन्य व्यावसायिक जानकारी
अपडेट की गई जानकारी शिक्षक की व्यक्तिगत प्रोफाइल के साथ-साथ संबंधित विभाग के पेज पर भी स्वतः प्रदर्शित होगी।
इसके अलावा विभागाध्यक्षों, डीन, निदेशकों, परीक्षा नियंत्रक, प्रॉक्टर, कुलसचिव और अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले समेत अन्य अधिकृत अधिकारियों को भी अलग-अलग लॉगिन उपलब्ध कराए जाएंगे।
इन-हाउस टीम ने किया वेबसाइट का विकास
कम्प्यूटर साइंस विभाग के प्रो. संजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि वेबसाइट का डिजाइन, तकनीकी संरचना और विभिन्न सुविधाएं विश्वविद्यालय की अपनी टीम ने ही विकसित की हैं। केंद्रीकृत डेटाबेस के माध्यम से विभागों, स्कूलों, केन्द्रों और प्रशासनिक अनुभागों की सूचनाएं वेबसाइट पर स्वतः व्यवस्थित रूप से प्रदर्शित होंगी, जिससे विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधार्थियों को जरूरी जानकारी कुछ ही क्लिक में खोजने, फिल्टर करने और प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी।
वेबसाइट में मिलेंगी ये खास सुविधाएं
नई वेबसाइट में निम्न आधुनिक सुविधाएं शामिल की गई हैं:
- स्व-प्रबंधित शिक्षक प्रोफाइल
- ORCID इंटीग्रेशन
- ERP एडमिन पोर्टल
- रिसर्च पोर्टल
- स्कूल, विभागों एवं केन्द्रों के समर्पित पेज
- प्रोग्राम नेविगेटर एवं एडमिशन पोर्टल
- एकीकृत नोटिस एवं घोषणा प्रणाली
- ऑनलाइन शिकायत एवं फीडबैक पोर्टल
SEO-फ्रेंडली और मोबाइल-रेस्पॉन्सिव डिज़ाइन
नई वेबसाइट को सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन (SEO) के अनुरूप विकसित किया गया है। साथ ही इसे पूरी तरह रेस्पॉन्सिव और मोबाइल-फ्रेंडली बनाया गया है, जिससे विद्यार्थी, शिक्षक, शोधार्थी, अभिभावक और अन्य हितधारक मोबाइल समेत विभिन्न उपकरणों पर आसानी से इसका उपयोग कर सकेंगे।
नैक और एनआईआरएफ रैंकिंग में भी मिलेगी मदद
विश्वविद्यालय के अनुसार, नई वेबसाइट नैक (NAAC), एनआईआरएफ (NIRF) तथा अन्य मान्यता, रैंकिंग और संस्थागत रिपोर्टिंग के लिए आंकड़ों के संकलन एवं प्रस्तुतीकरण में भी उपयोगी साबित होगी। इससे बीबीएयू की डिजिटल सूचना व्यवस्था अधिक एकीकृत, प्रभावी और उपयोगकर्ता-केंद्रित बनेगी, साथ ही संस्थागत पारदर्शिता एवं दक्षता को भी मजबूती मिलेगी।
