Search News

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आज लखनऊ आगमन, 42 स्थानों पर होगा स्वागत, शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को करेंगे संबोधित

लखनऊ आगमन
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: July 3, 2026

• एयरपोर्ट से प्रदेश मुख्यालय तक निकलेगी स्वागत यात्रा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत संगठन के वरिष्ठ नेताओं के साथ कई अहम बैठकें

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शुक्रवार और शनिवार को दो दिवसीय प्रवास पर लखनऊ आएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनके पहले लखनऊ आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह है। उनके स्वागत के लिए शहर में व्यापक तैयारियां की गई हैं। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक निकलने वाली स्वागत यात्रा के दौरान 42 स्थानों पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, अधिवक्ताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका अभिनंदन किया जाएगा। भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष शुक्रवार को पूर्वाह्न 11:05 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अमौसी पहुंचेंगे। वहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद कृष्णानगर मोड़, आलमबाग, टी.एन. चतुर्वेदी चौराहा, चारबाग, दीनदयाल स्मृतिका, महाराणा प्रताप चौराहा और बर्लिंगटन चौराहा होते हुए प्रदेश मुख्यालय तक स्वागत यात्रा निकलेगी। यात्रा मार्ग में 42 स्थानों पर पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रदेश मुख्यालय पहुंचने के बाद नितिन नवीन प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इसमें संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद वह हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। गोमतीनगर स्थित होटल ताज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में सरकार और संगठन के समन्वय के साथ आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा होगी। इसके बाद प्रदेश कोर कमेटी की बैठक भी प्रस्तावित है। शाम को मुख्यमंत्री आवास पर योगी आदित्यनाथ से मुलाकात और रात्रिभोज का कार्यक्रम भी तय है।

 

पांच जुलाई को कई अहम बैठकें

दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ संवाद करेंगे और एनडीए नेताओं की संयुक्त बैठक में शामिल होंगे। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से उनके आवास पर मुलाकात करेंगे। संघ कार्यालय भारती भवन में विचार परिवार के प्रमुख सदस्यों के साथ भी बैठक करेंगे। दोपहर बाद वह राष्ट्र प्रेरणा स्थल का अवलोकन करेंगे और वहीं आयोजित शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी संगठनात्मक अभियानों की रणनीति पर चर्चा होगी। प्रवास के अंतिम चरण में नितिन नवीन पीरनगर स्थित बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके बाद वह चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने सभी पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से स्वागत यात्रा एवं अन्य कार्यक्रमों में समय से पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।

Breaking News:

Recent News: