भाजपा महानगर कार्यालय में केक काटकर किया गया सम्मान, जनसंख्या नियंत्रण पर प्रभावी कानून बनाने की उठाई मांग
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के महानगर उपाध्यक्ष एवं कैसरबाग कार्यालय प्रभारी दीपक कुमार शुक्ला 'दीपू' का जन्मदिन रविवार को भाजपा महानगर कार्यालय में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने केक काटकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ, दीर्घ एवं सफल जीवन की कामना की।
संगठन के समर्पित कार्यकर्ता हैं दीपक शुक्ला
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि दीपक कुमार शुक्ला 'दीपू' भारतीय जनता पार्टी के समर्पित, कर्मठ और जुझारू कार्यकर्ता हैं। उन्होंने संगठन की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समाजसेवा और राष्ट्रहित के प्रति उनका समर्पण कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है।
16 वर्षों से कर रहे हैं फलाहार व्रत
कार्यक्रम में बताया गया कि दीपक शुक्ला पिछले 16 वर्षों से लगातार फलाहार व्रत का पालन कर रहे हैं। व्रत पूर्ण होने पर वह प्रतिवर्ष विशाल भंडारा, सुंदरकांड, रामायण पाठ एवं अन्य धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं, जिनके माध्यम से समाज में सेवा, सद्भाव और एकता का संदेश दिया जाता है।
गरीबों और जरूरतमंदों की मदद में रहते हैं अग्रणी
वक्ताओं ने कहा कि दीपक शुक्ला समाज के गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हमेशा आगे रहते हैं। उनके द्वारा समय-समय पर वस्त्र वितरण, भोजन वितरण, आर्थिक सहायता तथा निर्धन कन्याओं के विवाह में सहयोग जैसे अनेक सामाजिक कार्य किए जाते हैं, जिनकी व्यापक सराहना होती है।
जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करने की उठाई मांग
अपने संबोधन में दीपक कुमार शुक्ला 'दीपू' ने सभी कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश के संतुलित और सुनियोजित विकास के लिए जनसंख्या नियंत्रण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से इस विषय पर प्रभावी नीति और कानून बनाने पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या देश के संसाधनों पर लगातार दबाव बढ़ा रही है, इसलिए राष्ट्रहित में समय रहते ठोस और प्रभावी कदम उठाना आवश्यक है।
इन प्रमुख हस्तियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसूचित आयोग के सदस्य रमेश तूफानी, नगर मंत्री सतीश मिश्रा, भाजपा कार्यालय सहमंत्री मयंक बाजपेई, नगर कार्यसमिति सदस्य रवि प्रकाश जायसवाल, महिला मोर्चा की वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रीत पांडे, पूर्व नगर मंत्री युवा मोर्चा आशीष तिवारी 'आशु', हिमांशु पाल, आदित्य सिंह, अंकुर दीक्षित, अधिवक्ता अभिषेक सिंह, अमरनाथ पांडे, राजन सिंह, चंद्रशेखर आजाद सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
