Search News

भारतीय रेल प्रबंधन सेवा ट्रैफिक के परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से शिष्टाचार भेंट की

IRMS ट्रैफिक 2022-23 बैच के परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने 104 सप्ताह का प्रशिक्षण पूर्ण कर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से जन भवन में मुलाकात की, ईमानदारी व जनसेवा की सीख दी गई।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: August 17, 2026

भारतीय रेल प्रबंधन सेवा ट्रैफिक के परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की

लखनऊ। भारतीय रेल प्रबंधन सेवा (IRMS) ट्रैफिक के 2022 एवं 2023 बैच के परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने 104 सप्ताह के व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफलतापूर्वक पूर्ण होने के बाद जन भवन में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के साथ भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM), लखनऊ के महानिदेशक रंजन प्रकाश ठाकुर, कोर्स निदेशक पी. पी. लाठे तथा प्रोफेसर (वित्त) आस्थानंद पाठक भी उपस्थित रहे।

राज्यपाल ने दी ईमानदारी और जनसेवा की सीख

राज्यपाल ने परिवीक्षाधीन अधिकारियों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर बधाई देते हुए भारतीय रेल में उनकी भावी जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अधिकारियों से अपने दायित्वों के निर्वहन में ईमानदारी, समर्पण, अनुशासन, व्यावसायिकता और जनसेवा की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

रेलवे को यात्री-केंद्रित बनाने का आह्वान

उन्होंने अधिकारियों को नागरिकों की आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध रहते हुए कार्य करने और लोक सेवा में उच्चतम नैतिक मानकों को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। राज्यपाल ने कहा कि लोक सेवकों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां होती हैं और अधिकारियों को भारतीय रेल को अधिक कुशल, सुरक्षित, यात्री-केंद्रित एवं उत्तरदायी बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।

अधिकारियों ने जताया आभार

परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने राज्यपाल के मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी संदेश के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह मुलाकात प्रशिक्षण यात्रा पर चिंतन करने और भारतीय रेल के माध्यम से राष्ट्र सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर रही।

अब अपने-अपने रेलवे जोन में लेंगे पदभार

104 सप्ताह का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद IRMS (ट्रैफिक) के परिवीक्षाधीन अधिकारी अब अपने-अपने आवंटित रेलवे जोन में पदभार ग्रहण कर व्यावसायिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। वहीं, IRITM लखनऊ द्वारा अधिकारियों को व्यापक, व्यावहारिक एवं भविष्य उन्मुख प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ भारतीय रेल की उभरती चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।

 

 

Breaking News:

Recent News: