Search News

भाषा विवि में गूंजा 'मेरी जिंदगी' बैंड, विभाजन विभीषिका दिवस भी मना

KMCLU लखनऊ में स्वतंत्रता दिवस पूर्व संध्या पर 'मेरी जिंदगी' महिला रॉक बैंड की प्रस्तुति और इतिहास विभाग द्वारा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: August 15, 2026

भाषा विवि में गूंजा 'मेरी जिंदगी' लाइव बैंड, इतिहास विभाग ने मनाया विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग ने 'मेरी जिंदगी लाइव बैंड' कार्यक्रम का आयोजन किया। विश्वविद्यालय के अटल हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में 'मेरी जिंदगी' — भारत का पहला महिला मिशन रॉक बैंड — ने अपनी शानदार संगीत प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

देशभक्ति गीतों पर झूमे विद्यार्थी

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम की भावना से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों के साथ हुई। बैंड की महिला कलाकारों ने लोकप्रिय गीतों एवं देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर विद्यार्थियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। संगीत, ऊर्जा और देशभक्ति के रंग में रंगे इस कार्यक्रम ने विश्वविद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और भी जीवंत बना दिया।

'Patriotism, Unity and Empowerment' रहा मुख्य संदेश

कार्यक्रम का मुख्य संदेश 'Patriotism, Unity and Empowerment' रहा। महिला कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से न केवल देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया, बल्कि महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की भावना को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

कुलपति प्रो. अजय तनेजा बोले — संगीत समाज को जोड़ने का माध्यम

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा कि संगीत समाज को जोड़ने और सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। स्वतंत्रता दिवस जैसे अवसर पर युवाओं के बीच राष्ट्रप्रेम, एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने वाले कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने महिला कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम संयोजन एवं आभार

कार्यक्रम का संयोजन डॉ. रुचिता चौधरी ने किया, जबकि सह-संयोजक डॉ. विनय कुमार तथा आयोजन सचिव डॉ. शचीन्द्र शेखर, डॉ. सैयद काज़िम रिज़वी एवं डॉ. मोहम्मद नसीब रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी कलाकारों, अतिथियों, विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इतिहास विभाग ने मनाया विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग द्वारा "विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस" के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन कुलपति प्रो. अजय तनेजा के मार्गदर्शन में किया गया।

मुख्य वक्ता डॉ. पूनम चौधरी ने विभाजन विभीषिका के दौरान हुई जनहानि और विस्थापन पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजकुमार सिंह और डॉ. मनीष कुमार ने किया।

Breaking News:

Recent News: