भाषा विवि में हुए राष्ट्रीय रिमोट सेंसिंग दिवस और नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित
लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में बुधवार को विद्यार्थियों के ज्ञान, रचनात्मकता एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय रिमोट सेंसिंग दिवस तथा नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विज्ञान एवं अंतरिक्ष तकनीक के साथ-साथ नशा मुक्ति के सामाजिक संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
रिमोट सेंसिंग दिवस पर भाषण एवं क्विज प्रतियोगिता
भूगोल विभाग द्वारा विभागाध्यक्ष एवं डीन, सोशल साइंसेज डॉ. पूनम चौधरी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय रिमोट सेंसिंग दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन भूगोल विभाग की शिक्षिकाओं प्रिया देवी, डॉ. चेतना शर्मा एवं डॉ. आदेश पटेल ने किया, जिसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के 60 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
डॉ. प्रिया देवी ने 12 अगस्त के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह दिवस भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के जनक माने जाने वाले महान वैज्ञानिक डॉ. विक्रम साराभाई की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को रिमोट सेंसिंग एवं अंतरिक्ष विज्ञान की उपयोगिता और इसकी बढ़ती संभावनाओं से अवगत कराया।
कार्यक्रम के तहत भाषण प्रतियोगिता में छह विद्यार्थियों ने, जबकि क्विज प्रतियोगिता में चार-चार विद्यार्थियों के पांच समूहों में कुल 20 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। संचालन एम.ए. द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों तुषार गुप्ता एवं सदमा मिर्जा ने किया। इस अवसर पर अर्थशास्त्र विभाग के डॉ. उधम सिंह, इतिहास विभाग के डॉ. मनीष सिंह सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक व विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में डॉ. चेतना शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
नशा मुक्त भारत का संदेश लेकर विद्यार्थियों ने लिखे प्रभावी स्लोगन
इसी क्रम में कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन एवं कुलपति प्रो. अजय तनेजा की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत "नशा मुक्त भारत एवं युवाओं को नशे से दूर रखने" विषय पर स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई।
विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक समिति की समन्वयक एवं शिक्षा शास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. नालिनी मिश्रा के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का नेतृत्व एनएसएस इकाई-4 के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राम दास एवं एनएसएस इकाई-5 के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मोहम्मद इरफान ने किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को नशे के सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ व सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
विजेताओं की घोषणा
प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. आयुष मिश्र एवं डॉ. राम किशन पाल ने स्लोगन की मौलिकता, विषय की प्रासंगिकता, रचनात्मकता, भाषा एवं प्रभावशीलता के आधार पर किया। परिणाम इस प्रकार रहे:
- प्रथम स्थान: आतिका खातून
- द्वितीय स्थान: सौरभ गुप्ता
- तृतीय स्थान: लक्ष्मी विश्वकर्मा
