Search News

भाषा विश्वविद्यालय में नशा मुक्ति पर राष्ट्रीय संगोष्ठी, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश

लखनऊ के भाषा विश्वविद्यालय में नशा मुक्ति पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित हुई। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के अधिकारियों ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों और बचाव के उपायों की जानकारी दी।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: August 11, 2026

भाषा विश्वविद्यालय में नशा मुक्ति पर राष्ट्रीय संगोष्ठी, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश

लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में सोमवार को नशा मुक्ति विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुरुपयोग से होने वाले सामाजिक एवं व्यक्तिगत दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अब्दुल हमीद, आईजी, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, उत्तर प्रदेश ने नशा मुक्ति के प्रयासों और समाज को नशे से मुक्त करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों पर महत्वपूर्ण व्याख्यान दिया। उन्होंने नशे की समस्या से निपटने के लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

संगोष्ठी में विशिष्ट अतिथि चक्रेश मिश्रा, एसपी, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने नई पीढ़ी और विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक एवं व्यक्तिगत नुकसान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

इसी क्रम में नित्या गोस्वामी, डिप्टी एसपी, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने भी विद्यार्थियों को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया। उन्होंने नशीले पदार्थों से होने वाले नुकसान और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. आरिफ अब्बास ने किया, जबकि डॉ. नलिनी मिश्रा, समन्वयक, एनएसएस ने कार्यक्रम में महत्वपूर्ण सहभागिता निभाई।

संगोष्ठी के आयोजन में डॉ. मुर्तज़ा अली अतहर, नोडल अधिकारी, एंटी नारकोटिक्स सेल, डॉ. अभय कृष्णा, डॉ. आशीष शाही, डॉ. राजकुमार, डॉ. हिमांशु, डॉ. पीयूष कुमार त्रिवेदी, डॉ. मोहम्मद इरफान सहित विश्वविद्यालय के अन्य शिक्षकों एवं अधिकारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

संगोष्ठी के माध्यम से विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया गया।

Breaking News:

Recent News: