पीलीभीत रेल यात्रियों को बड़ी सौगात, भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का पीलीभीत और पूरनपुर में होगा ठहराव
पीलीभीत। पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए एक और बड़ी सौगात मिली है। रेल मंत्रालय ने गुजरात के भुज और बिहार के बरौनी के बीच नई त्रि-साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दे दी है। खास बात यह है कि इस ट्रेन का ठहराव पीलीभीत एवं पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर भी होगा। इससे पीलीभीत सहित पूरे तराई क्षेत्र के यात्रियों को गुजरात, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रमुख शहरों तक आवागमन की सुविधाजनक रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
जितिन प्रसाद के प्रयासों का परिणाम
यह उपलब्धि केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री और पीलीभीत सांसद जितिन प्रसाद के अथक और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने पीलीभीत और तराई क्षेत्र की लंबी दूरी की रेल आवश्यकताओं को लगातार रेल मंत्रालय के समक्ष रखा। साथ ही, नई ट्रेनों के संचालन, महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं में वृद्धि के लिए भी निरंतर पहल की।
उन्होंने बताया कि भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस पीलीभीत के लिए केवल एक नई ट्रेन नहीं, बल्कि पश्चिमी भारत से पूर्वी भारत तक सीधा संपर्क स्थापित करने वाली महत्वपूर्ण रेल सुविधा है। इससे तराई क्षेत्र के विद्यार्थियों, व्यापारियों, किसानों, नौकरीपेशा लोगों, तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और आम यात्रियों को आवागमन में विशेष सुविधा मिलेगी। साथ ही, पीलीभीत और तराई क्षेत्र की आर्थिक तथा पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
जानें ट्रेन का पूरा शेड्यूल और रूट
रेलवे मंत्रालय के अनुसार:
- ट्रेन संख्या 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से सोमवार, बुधवार और शनिवार को रवाना होगी।
- ट्रेन संख्या 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस बरौनी से मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी।
लगभग 2500 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने वाली यह ट्रेन गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई महत्वपूर्ण शहरों को जोड़ेगी। इसके प्रमुख ठहराव इस प्रकार हैं — अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, मथुरा, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, सीतापुर, डालीगंज, गोरखपुर, छपरा होते हुए बरौनी तक। ट्रेन के नियमित संचालन की तिथि रेलवे द्वारा शीघ्र घोषित की जाएगी।
पीलीभीत में रेल सुविधाओं के विस्तार की कड़ी
पीलीभीत को देश के रेल मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से स्थापित करना केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद की प्राथमिकताओं में रहा है। पिछले कुछ वर्षों में क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं—
- पीलीभीत-मैलानी रेल सेवा शुरू होने के बाद इस मार्ग पर नियमित यात्री सेवाओं का विस्तार हुआ।
- पीलीभीत-लखनऊ रेल संपर्क से यात्रियों को राजधानी लखनऊ सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर आवागमन का अतिरिक्त मार्ग उपलब्ध हुआ।
इसी क्रम में पीलीभीत रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य भी प्रगति पर है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त किया जा रहा है, जिनमें बेहतर यात्री सुविधाएं, लिफ्ट, एस्केलेटर, पार्किंग और फुट ओवरब्रिज जैसी सुविधाएं शामिल हैं। साथ ही, क्षेत्रवासियों को आवागमन की सुगमता हेतु पूरनपुर एवं माधोटांडा रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज की भी स्वीकृति प्राप्त हुई है।
पश्चिमी और पूर्वी भारत के बीच अहम कड़ी बनेगा पीलीभीत
भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का पीलीभीत में ठहराव इस बात का प्रमाण है कि पीलीभीत की रेल कनेक्टिविटी अब स्थानीय या क्षेत्रीय स्तर तक सीमित नहीं रही, बल्कि पश्चिमी और पूर्वी भारत के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में विकसित हो रही है। इस ट्रेन से गुजरात के भुज और अहमदाबाद से लेकर राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, तराई क्षेत्र और बिहार तक यात्रियों को एक सीधा एवं आधुनिक रेल विकल्प मिलेगा।
क्षेत्रवासियों ने जताई खुशी
इस महत्वपूर्ण और वर्षों से लंबित मांग के पूरा होने पर पीलीभीत सहित तराई क्षेत्र के निवासियों, व्यवसायियों एवं छात्रों ने केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद जितिन प्रसाद के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब से जितिन प्रसाद यहां के सांसद बने हैं, रेल सुविधाओं को बढ़ाने और पीलीभीत से देश के प्रमुख शहरों तक रेलगाड़ियों का संचालन कराने के लगातार प्रयास किए गए हैं, जिसके चलते कई नई रेलगाड़ियों का संचालन शुरू हो सका है।
सांसद जितिन प्रसाद ने कहा कि पीलीभीत की जनता की अपेक्षाओं और क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप रेल सुविधाओं का विस्तार निरंतर जारी रहेगा। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
