लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव के समय महिलाओं के नाम पर राजनीति करना और बाद में उन्हें वास्तविक अधिकारों से वंचित रखना, यह दोहरी नीति अब ज्यादा दिन नहीं चलने वाली है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं की आड़ में अपनी ओझिल राजनीति को आगे बढ़ा रही है, लेकिन देश की महिलाएं अब जागरूक हैं और समय आने पर ऐसी राजनीति को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगी। सुनील सिंह ने स्पष्ट कहा कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण पर्याप्त नहीं है। देश की आधी आबादी महिलाओं की है, इसलिए उन्हें 50 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए। केवल कानून बनाकर राजनीतिक लाभ लेना, लेकिन जमीनी स्तर पर महिलाओं को अवसर न देना, यह महिलाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुरुष नेताओं की मानसिकता आज भी नहीं बदली है और वे अपनी सीटें छोड़ना नहीं चाहते। यही कारण है कि महिला आरक्षण का मुद्दा वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। लोकदल अध्यक्ष ने कहा कि वास्तविक नारी सम्मान तभी संभव है, जब महिलाओं को राजनीति, प्रशासन और निर्णय लेने वाली सभी संस्थाओं में समान भागीदारी मिले। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे इस दिखावटी राजनीति को पहचानें और अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाएं।
