• 125वीं जयंती पर भाजपा ने शहरभर में आयोजित किए श्रद्धांजलि कार्यक्रम
लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। भारत के महान राष्ट्रवादी चिंतक, प्रखर शिक्षाविद् एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर की ओर से हजरतगंज स्थित सिविल अस्पताल परिसर में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी अनुराग साहू ने बताया कि कार्यक्रम में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, मंत्री कपिल देव अग्रवाल, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, विधायक डॉ. नीरज बोरा, पूर्व विधायक सुरेश चंद्र तिवारी, भाजपा नेता रजनीश गुप्ता, महानगर महामंत्री घनश्याम अग्रवाल 'गुड्डा', महानगर उपाध्यक्ष विनायक पांडे सहित जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वाभिमान के लिए दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर भाजपा लखनऊ महानगर के सभी 25 मंडलों में भी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती मनाई गई। मंडल स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

