Search News

मोहनलालगंज में किन्नर के घर से 90 हजार की चोरी, CCTV में कैद

निगोहां के बैरीसालपुर गांव में किन्नर के घर से उसके ही दो चेलों ने 90 हजार रुपये नकद और जेवरात चुराए, वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद। पुलिस जांच में जुटी।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: September 3, 2026

किन्नर के घर से चेलों ने उड़ाए 90 हजार रुपये और जेवरात, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

निगोहां, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के बैरीसालपुर गांव में एक किन्नर के घर से उसके ही दो चेलों पर 90 हजार रुपये नकद और जेवरात चोरी करने का आरोप लगा है। वारदात के बाद देर रात दोनों को घर से निकलते हुए सीसीटीवी कैमरे में देखा गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

होटल से घर लाई थीं गुरु, फिर हुई चोरी

पीड़िता करिश्मा किन्नर के मुताबिक, उसकी गुरु प्रियंका सिंह रघुवंशी 31 अगस्त को सूचना मिलने पर चारबाग स्थित एक होटल से उसके दो चेलों सोनी और सुरीली को समझाकर बैरिसालपुर स्थित घर लेकर आई थीं। कुछ देर बाद गुरु के अपने आवास चले जाने पर दोनों घर में ही रुके रहे। आरोप है कि रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच मौका पाकर दोनों घर में रखा पर्स लेकर फरार हो गए।

पर्स में नकदी के साथ थे सोने-चांदी के जेवरात

पर्स में करीब 90 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी, नाक की कील और दो जोड़ी चांदी की पायल रखी थी। पीड़िता के अनुसार, नकदी पिछले सात दिनों में बधाई कार्यक्रमों से मिली थी, जबकि जेवरात जजमानों से उपहार में मिले थे।

मोटरसाइकिल पर सवार होकर हुए फरार

करिश्मा का आरोप है कि वारदात के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल लेकर घर के बाहर खड़ा था। चोरी के बाद दोनों आरोपी उसके साथ फरार हो गए। बाद में फोन पर संपर्क करने पर आरोपियों ने मुकदमा दर्ज कराने पर झूठे मुकदमे में फंसाने और जान-माल के नुकसान की धमकी दी।

पीड़िता ने की सुरक्षा और गिरफ्तारी की मांग

पीड़िता ने पुलिस से चोरी का सामान बरामद कराने, आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Breaking News:

Recent News: