राखी का धागा, विश्वास और रक्षा का वादा
महापौर सुषमा खर्कवाल ने जीओसी मेजर जनरल मनीष कुकरेती को बांधी राखी, सेना-नागरिक आत्मीयता का दिखा भावपूर्ण दृश्य
लखनऊ। सेना–नागरिक आत्मीयता का भावपूर्ण दृश्य मुख्यालय मध्य उत्तर प्रदेश सब एरिया में देखने को मिला, जब महापौर सुषमा खर्कवाल ने मेजर जनरल मनीष कुकरेती, जीओसी मध्य उत्तर प्रदेश सब एरिया को राखी बांधकर सैनिकों के प्रति शहर का स्नेह, सम्मान और विश्वास व्यक्त किया।
सामाजिक संगठनों की महिलाओं ने भी बांधे रक्षा सूत्र
इस अवसर पर महापौर के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाएं भी उपस्थित रहीं। उन्होंने सेना के अधिकारियों एवं सैनिकों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधे और राष्ट्र तथा नागरिकों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर सैनिकों के प्रति अपना स्नेह एवं कृतज्ञता व्यक्त की। पूरे आयोजन में आत्मीयता, सम्मान और अपनत्व का भाव देखने को मिला।
वर्षों पुरानी परंपरा, शहर और सैन्य परिवार के गहरे जुड़ाव का प्रतीक
रक्षाबंधन के अवसर पर महापौर द्वारा मुख्यालय मध्य उत्तर प्रदेश सब एरिया आकर राखी बांधने की यह परंपरा लखनऊ शहर और सैन्य परिवार के बीच वर्षों से चले आ रहे गहरे जुड़ाव की खूबसूरत अभिव्यक्ति है। राखी के पवित्र धागों में जहां बहनों का स्नेह और विश्वास समाहित था, वहीं यह सैनिकों के प्रति समाज के सम्मान और भरोसे का भी प्रतीक बना है।
लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने मुख्यालय मध्य उत्तर प्रदेश सब एरिया पहुंचकर जीओसी मेजर जनरल मनीष कुकरेती को राखी बांधी। जानें रक्षाबंधन पर सेना-नागरिक आत्मीयता के इस भावपूर्ण आयोजन की पूरी कहानी
