Search News

राजाजीपुरम में पहली बार दही हांडी व कान्हा उत्सव डांस प्रतियोगिता, 5 सितंबर को आयोजन

लखनऊ के राजाजीपुरम स्थित NMBPL मिनी स्टेडियम में 5 सितंबर को दही हांडी व कान्हा उत्सव डांस प्रतियोगिता का पहली बार भव्य आयोजन, राधा रमण समूह द्वारा आयोजित।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: September 4, 2026

राजाजीपुरम में पहली बार दही हांडी व कान्हा उत्सव डांस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

लखनऊ। राजाजीपुरम स्थित NMBPL मिनी स्टेडियम में पहली बार दही हांडी एवं कान्हा उत्सव डांस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन के संबंध में गुरुवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर कार्यक्रम की जानकारी दी गई। राधा रमण समूह द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम भारतीय संस्कृति, भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, युवा प्रतिभा और सामाजिक एकता को समर्पित होगा।

5 सितंबर को शाम 4 बजे से होगा कार्यक्रम

आयोजक अजय तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन 5 सितंबर 2026 को शाम 4 बजे से NMBPL मिनी स्टेडियम में किया जाएगा। इसमें क्षेत्र की विभिन्न युवा एवं गोविंदा टीमें दही हांडी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। इसके साथ ही कान्हा उत्सव डांस प्रतियोगिता के माध्यम से युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

राजाजीपुरम में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजन

शीलू बाजपेयी के अनुसार NMBPL मिनी स्टेडियम में पहली बार इतने बड़े स्तर पर दही हांडी, कान्हा उत्सव और डांस प्रतियोगिता का एक साथ आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर उपलब्ध इस महत्वपूर्ण खेल एवं आयोजन स्थल को सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाना तथा युवाओं और कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।

भारतीय संस्कृति को नई पीढ़ी से जोड़ने की पहल

पूर्व पार्षद शिव पाल सावरिया ने कहा कि यह आयोजन भारतीय संस्कृति और श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को नई पीढ़ी से जोड़ने के साथ ही युवाओं में उत्साह, रचनात्मकता और सामाजिक एकता की भावना को बढ़ावा देगा। कार्यक्रम में राजाजीपुरम क्षेत्र में संस्कृति, कला और युवा ऊर्जा का विशेष संगम देखने को मिलेगा।

प्रेस वार्ता में रहे उपस्थित

प्रेस वार्ता में अजय तिवारी, मोहित शुक्ला, प्रेम तिवारी, शैलेश बाजपेई 'शीलू', सुष्मिता भट्टाचार्य सहित अन्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Breaking News:

Recent News: