राजेश्वर सिंह ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र की वृंदावन योजना शाखा का किया उद्घाटन, बोले- बैंक देश की अर्थव्यवस्था की वित्तीय रीढ़
लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सोमवार को बैंक ऑफ महाराष्ट्र की सेक्टर-4, वृंदावन योजना शाखा का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बैंक किसी भी देश की अर्थव्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं और राष्ट्र की समृद्धि का मार्ग मजबूत बैंकिंग व्यवस्था से होकर गुजरता है।
उन्होंने कहा कि बैंकों में जमा लोगों की बचत को निवेश में परिवर्तित कर उद्योगों और उद्यमों तक पहुंचाया जाता है, जिससे नए रोजगार के अवसर सृजित होते हैं और आर्थिक विकास को गति मिलती है। यही कारण है कि बैंक किसी भी देश की वित्तीय रीढ़ माने जाते हैं।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि बैंक ऑफ महाराष्ट्र की स्थापना वर्ष 1935 में हुई थी। लगभग 90 वर्षों के गौरवशाली सफर में बैंक ने वर्ष 1969 में राष्ट्रीयकरण के बाद भी निरंतर प्रगति की नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया। उन्होंने बैंक की पारदर्शी कार्यप्रणाली, उत्कृष्ट सेवाओं और ग्राहकों के विश्वास की सराहना करते हुए कहा कि बैंक ने पूरे देश में अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने बैंक की जिम्मेदार ऋण वितरण प्रणाली की भी प्रशंसा की। विधायक ने बताया कि बैंक के अधिकारियों के अनुसार बैंक का एनपीए (Non-Performing Assets) मात्र 0.13 प्रतिशत है, जो देश में सबसे कम स्तरों में से एक है। उन्होंने इसे बैंक की बेहतर ऋण नीति, प्रभावी मॉनिटरिंग और मजबूत रिकवरी व्यवस्था का परिणाम बताते हुए पूरी बैंक टीम को बधाई दी।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लाभार्थियों को मिले स्वीकृति पत्र
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत गोविंद सिंह, दीवाकर पांडे, अजय कुमार मौर्य, ममता यादव एवं रिद्धि पाण्डेय को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। डॉ. राजेश्वर सिंह ने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री वीरेंद्र तिवारी, जोनल मैनेजर अमित गोयल, डिप्टी जोनल मैनेजर संजू कुमारी, शाखा प्रबंधक माधवी मिश्रा, बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही मंडल अध्यक्ष राजन मिश्रा, पार्षद मनोज रावत, संजीव अवस्थी, आमोद कुमार, विनय मिश्रा, शेर अली, सेक्टर संयोजक आराधना पाण्डेय, निर्मल सिंह, शैलेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के समापन पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने नई शाखा की सराहना करते हुए कहा कि यहां की आधुनिक सुविधाएं और सहयोगी स्टाफ ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग अनुभव प्रदान करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि बैंक ऑफ महाराष्ट्र की यह नई शाखा सरोजनीनगर क्षेत्र में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार, वित्तीय समावेशन और स्वरोजगार को बढ़ावा देकर स्थानीय विकास को नई गति देगी।
