राम गोविंद चौधरी का निधन: सपा में शोक की लहर, अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
पीलीभीत/लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी का निधन हो गया है। वे लखनऊ के संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट (SGPGI) में इलाज के दौरान शुक्रवार रात करीब 9 बजे इस दुनिया को अलविदा कह गए। वे कुछ समय से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर से समाजवादी पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई है।
कौन थे राम गोविंद चौधरी?
राम गोविंद चौधरी का जन्म 9 जुलाई 1946 को उत्तर प्रदेश के बलिया में हुआ था। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र राजनीति से की और बलिया के प्रसिद्ध मुरली मनोहर टाउन डिग्री कॉलेज में छात्र संघ अध्यक्ष चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने चिलकहर विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनकर अपना चुनावी सफर शुरू किया और बाद में बांसडीह विधानसभा सीट से सात बार विधायक चुने गए।
मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सरकारों में उन्होंने बेसिक शिक्षा, बाल विकास एवं पोषण, तथा खाद्य प्रसंस्करण जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2017 से 2022 तक उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में अहम जिम्मेदारी निभाई।
अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने जताया शोक
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री राम गोविंद चौधरी जी का निधन, अत्यंत दुःखद! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो। भावपूर्ण श्रद्धांजलि!"
अखिलेश यादव शनिवार को लखनऊ के निशातगंज स्थित मेट्रो सिटी अपार्टमेंट पहुंचे और समाजवादी पार्टी का झंडा उनके पार्थिव शरीर पर रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान वे भावुक नजर आए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
पीलीभीत में सपा जिला अध्यक्ष ने जताया शोक
पीलीभीत में उनके निधन पर समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष धर्मेश गंगवार ने गहरा शोक व्यक्त किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह अत्यंत दुखद समाचार है। राम गोविंद चौधरी का जाना पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाजवादी विचारधारा और पिछड़ों, दलितों व वंचितों की आवाज को बुलंद करने में लगा दिया।
सपा जिला अध्यक्ष धर्मेश गंगवार ने कहा, "ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्रदान करें।"
उन्होंने आगे कहा कि राम गोविंद चौधरी सादगी और संघर्ष के प्रतीक थे। उनका जाना हम सभी के लिए एक बड़ी क्षति है। जिला संगठन उनकी कमी को हमेशा महसूस करेगा। समाजवादी पार्टी पीलीभीत परिवार की ओर से उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई है।
