4 सितंबर को इस्कॉन में गूंजेगा हरे कृष्ण महामंत्र, जन्माष्टमी पर होंगे भव्य आयोजन

256 प्रकार के भोग, विशेष श्रृंगार और महा अभिषेक होगा आकर्षण; 5 सितंबर को श्रील प्रभुपाद चौक का उद्घाटन
लखनऊ। श्री श्री राधा रमण बिहारी मंदिर (इस्कॉन), सुशांत गोल्फ सिटी में 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। मंगलवार को होटल रेडिसन, कैंट रोड में आयोजित प्रेस वार्ता में मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभुजी ने महोत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी दी।
जन्माष्टमी महोत्सव का पूरा कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी पर प्रातः 4:30 बजे मंगला आरती से कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। सुबह 9:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक अविरल कीर्तन चलेगा।
- दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक: दूध, दही, घी, शहद एवं 1008 तीर्थों के जल से अभिषेक
- रात 10 बजे से मध्यरात्रि तक: महा अभिषेक
- रात 11 बजे: छप्पन भोग अर्पण
- मध्यरात्रि 12:30 बजे: महा आरती
विशेष श्रृंगार और 256 प्रकार का भोग
इस अवसर पर श्री श्री राधा रमण बिहारी जी का वृंदावन के विशेष कारीगरों द्वारा तैयार जरी, मोती, मणि और माणिक से सुसज्जित विशेष पोशाक से श्रृंगार किया जाएगा। भक्तों द्वारा तैयार 256 प्रकार के भोग भगवान को अर्पित किए जाएंगे।
शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
शाम 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें मुकुन्दा रॉक बैंड, स्वागत नृत्य, भरतनाट्यम तथा IGF, PYA और संस्कारशाला के बच्चों की नाट्य प्रस्तुतियां शामिल हैं। 'कौन बनेगा कृष्णा डिवोटी' क्विज शो भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
महोत्सव में श्रद्धालुओं को श्रीमद्भगवद्गीता, श्रीमद्भागवतम और श्रील प्रभुपाद की 90 से अधिक पुस्तकों का वितरण किया जाएगा। नए भक्तों को भक्ति वृक्ष कक्षाओं से जोड़ने का प्रयास भी किया जाएगा।
5 सितंबर: व्यास पूजा और नन्द उत्सव
5 सितंबर को श्रील प्रभुपाद जी की 130वीं व्यास पूजा के साथ नन्द उत्सव मनाया जाएगा।
- दोपहर 1 बजे: मंदिर के समीप मुख्य मार्ग स्थित चौराहे पर श्रील प्रभुपाद जी की प्रतिमा का अनावरण
- दोपहर 2 बजे: विशाल भंडारा
- अपराह्न 3 बजे: दही हांडी इनामी प्रतियोगिता
