Search News

लखनऊ नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: अवैध डेयरियों से पकड़ी गईं 243 भैंसें नीलाम, मिले 58.89 लाख रुपये

लखनऊ नगर निगम ने पारा क्षेत्र की अवैध डेयरियों पर कार्रवाई करते हुए जब्त 243 भैंसों की नीलामी की, जिससे 58 लाख 89 हजार रुपये प्राप्त हुए।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: August 25, 2026

लखनऊ। राजधानी के पारा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित डेयरियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लखनऊ नगर निगम ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जब्त पशुओं की खुली नीलामी संपन्न कराई।

नगर निगम मुख्यालय स्थित त्रिलोकनाथ सभागार में आयोजित इस नीलामी में शहर के कुल 41 लोगों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया। खुली बोली प्रक्रिया के माध्यम से कुल 243 भैंसों की नीलामी की गई, जिससे नगर निगम के खजाने में 58 लाख 89 हजार रुपये की धनराशि जमा हुई।

किन कांजीहाउस और गोशालाओं में रखे गए थे पशु

अभियान के दौरान पकड़े गए इन पशुओं को नगर निगम के विभिन्न कांजीहाउस एवं गोशालाओं में निरुद्ध रखा गया था, जिनमें शामिल हैं:

  • ऐशबाग कांजीहाउस
  • ठाकुरगंज कांजीहाउस
  • आलमबाग कांजीहाउस
  • पीजीआई कांजीहाउस
  • कान्हा उपवन गोशाला
  • राधा उपवन गोशाला

नियमों के अनुसार हुई निष्पक्ष नीलामी

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूरी नीलामी प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार खुली बोली के आधार पर पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई।

नीलामी में उपस्थित रहे ये अधिकारी

नीलामी की कार्यवाही के दौरान नीलामी कमेटी के सदस्य अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, डॉ. अरविंद कुमार राव, वित्त एवं लेखा अधिकारी महामिलिंद लाल, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह, विनय कुमार राय, पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा तथा जोन-1 के जोनल अधिकारी ओम प्रकाश उपस्थित रहे।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

नगर निगम प्रशासन के अनुसार, शहर में प्रदूषण एवं जनस्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं उत्पन्न करने वाली अवैध डेयरियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी सतत रूप से जारी रहेगा।

Breaking News:

Recent News: