लखनऊ में 80 प्रशिक्षार्थियों को मिले कौशल प्रमाण पत्र व टूल किट, बोले संजय भूसरेड्डी — "तकनीकी ज्ञान के साथ कौशल का समावेश युवाओं को उन्नति के शिखर तक पहुँचाता है"
लखनऊ। इण्डिया लिटरेसी बोर्ड तथा उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के संयुक्त तत्वावधान में जन शिक्षण संस्थान (कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित) के माध्यम से कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके 80 प्रशिक्षार्थियों को राज्य नियोजन संस्थान सभागार, कालाकांकर हाउस में कौशल प्रमाण पत्र एवं टूल किट वितरित किए गए।
संजय भूसरेड्डी बोले — आगे के NSQF स्तरों की ओर बढ़ें प्रशिक्षार्थी
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संजय आर. भूसरेड्डी, आई.ए.एस. (अध्यक्ष, यू.पी. रेरा एवं अवैतनिक अध्यक्ष, इण्डिया लिटरेसी बोर्ड तथा जन शिक्षण संस्थान लखनऊ) ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद प्रतिभागियों को यहीं नहीं रुकना चाहिए, बल्कि आगे के एन.एस.क्यू.एफ. (NSQF) स्तरों की ओर भी अग्रसर होना चाहिए, जिससे उनके कौशल में और निखार आए तथा रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हों।
उन्होंने कहा कि आज के समय में तकनीकी ज्ञान के साथ कौशल का समन्वय अत्यंत आवश्यक है। विद्युत कार्य करते समय सुरक्षा उपायों का पालन, आकस्मिक दुर्घटनाओं से बचाव, प्राथमिक उपचार तथा उपभोक्ताओं से प्रभावी संवाद भी एक महत्वपूर्ण कौशल है। इस अवसर पर यूपीपीसीएल के प्रतिनिधि राधेश्याम, चीफ इंजीनियर भी मौजूद रहे।
संध्या तिवारी: प्रमाण पत्र बनेगा आत्मनिर्भर भविष्य की नींव
इण्डिया लिटरेसी बोर्ड की निदेशक संध्या तिवारी, आई.ए.एस. (सेवानिवृत्त) ने उपस्थित अतिथियों एवं अध्यक्ष का स्वागत करते हुए बताया कि इण्डिया लिटरेसी बोर्ड एवं इसकी इकाई जन शिक्षण संस्थान, लखनऊ भविष्य में भी लाभार्थियों को एन.एस.क्यू.एफ. लेवल-3 एवं उससे उच्च स्तर के प्रमाण पत्रों हेतु मार्गदर्शन एवं सहयोग करती रहेगी। उन्होंने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह प्रमाण पत्र उनके उज्ज्वल भविष्य एवं आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
संस्थान का लक्ष्य — अधिक युवाओं तक पहुंचे गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण
जन शिक्षण संस्थान (साक्षरता निकेतन), लखनऊ के निदेशक सौरभ कुमार खरे ने उपस्थित अतिथियों एवं लाभार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान भविष्य में भी अधिक से अधिक युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। कार्यक्रम का संचालन आर.सी. यादव ने किया।
कार्यक्रम में रहे ये गणमान्य लोग मौजूद
इस अवसर पर यूपीपीसीएल के लाभार्थियों के अतिरिक्त इण्डिया लिटरेसी बोर्ड के सलाहकार अनूप कुमार श्रीवास्तव, जन शिक्षण संस्थान के अनुदेशक ई. भीमसेन, सहायक कार्यक्रम अधिकारी शुभम मिश्रा, लेखाकार आदित्य मिश्रा तथा फील्ड असिस्टेंट राघवेन्द्र गुप्ता सहित संस्थान के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
