Search News

लखनऊ में फ्रेगरेंस पार्क का लोकार्पण, राजनाथ सिंह बोले- विकास ऐसा हो जो जीवन में महसूस हो

लखनऊ के चौक क्षेत्र में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फ्रेगरेंस पार्क का लोकार्पण किया। लाला लाजपत राय व भगत सिंह की प्रतिमाओं का अनावरण, 43 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: August 30, 2026

फ्रेगरेंस पार्क से लखनऊ की खूबसूरती में जुड़ी नई खुशबू: राजनाथ सिंह

लखनऊ। चौक क्षेत्र में शनिवार को शहरवासियों को हरियाली, सुगंध और सुकून से भरपूर नए सार्वजनिक स्थल की सौगात मिली।

रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) और राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (एनबीआरआई) द्वारा विकसित फ्रेगरेंस पार्क का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर पार्क परिसर में पंजाब केसरी लाला लाजपत राय और शहीद-ए-आजम भगत सिंह की आदमकद प्रतिमाओं का भी अनावरण किया गया। साथ ही करीब 43 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।

विकास ऐसा हो जो लोगों के जीवन में महसूस हो: राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आधुनिक शहरों का निर्माण ऐसे स्थानों के विकास से होता है, जहां लोग प्रकृति से जुड़ सकें और बेहतर जीवन-गुणवत्ता का अनुभव कर सकें।

उन्होंने कहा कि वास्तव में आधुनिक शहर वही है, जहां सुविधाओं के साथ लोगों के विश्राम, मनोरंजन और प्रकृति से जुड़ाव के लिए भी पर्याप्त स्थान हों।

उन्होंने कहा कि पार्क केवल शहर की सुंदरता बढ़ाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये महत्वपूर्ण सामाजिक अवसंरचना के रूप में भी काम करते हैं। सार्वजनिक स्थल लोगों को एक-दूसरे के करीब लाते हैं और आज की व्यस्त जीवनशैली में सामाजिक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

लाला लाजपत राय और भगत सिंह की प्रतिमाएं देंगी प्रेरणा

रक्षा मंत्री ने कहा कि पार्क का नाम लाला लाजपत राय के नाम पर रखा गया है, जबकि यहां शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा भी स्थापित की गई है।

उन्होंने कहा कि दोनों महान स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाएं देश की सामूहिक स्मृति को जीवित रखने और भावी पीढ़ियों को उनके जीवन एवं बलिदान से प्रेरणा देने का माध्यम बनेंगी।

उन्होंने कहा कि पार्क में आने वाले बच्चे अपने माता-पिता से लाला लाजपत राय और भगत सिंह के बारे में जानने के लिए सवाल करेंगे। इसी प्रक्रिया के माध्यम से युवा पीढ़ी उनके संघर्ष, साहस और देश के प्रति समर्पण से परिचित होगी।

राजनाथ सिंह ने कहा कि लाला लाजपत राय और भगत सिंह अलग-अलग पीढ़ियों से थे, लेकिन दोनों राष्ट्र के प्रति समर्पण और भारत की स्वतंत्रता के साझा लक्ष्य से जुड़े हुए थे। उन्होंने दोनों की प्रतिमाओं को दो पीढ़ियों के बीच प्रतीकात्मक संवाद बताते हुए कहा कि अनुभव और युवा ऊर्जा का संयोजन राष्ट्र निर्माण के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

हर पीढ़ी की देश के विकास में अहम भूमिका: रक्षा मंत्री

उन्होंने कहा कि मिलेनियल्स, जेन-जी, बेबी बूमर्स और जेन-एक्स समेत हर पीढ़ी की देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने नागरिकों से भारत को अर्थव्यवस्था, ज्ञान और विज्ञान के क्षेत्र में विश्व में अग्रणी बनाने के लिए निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।

'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत रोपा चंदन का पौधा

कार्यक्रम के दौरान राजनाथ सिंह ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पार्क परिसर में चंदन का पौधा रोपा। इसके बाद बटन दबाकर लाला लाजपत राय और भगत सिंह की प्रतिमाओं का अनावरण किया गया।

फ्रेगरेंस पार्क में एनबीआरआई की ओर से विभिन्न प्रकार के सुगंधित एवं औषधीय पौधे लगाए गए हैं। इससे यह पार्क क्षेत्रवासियों के लिए हरित, सुगंधित और स्वास्थ्यवर्धक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा।

विभाजन की त्रासदी पर दिखाई गई लघु फिल्म

समारोह के दौरान भारत विभाजन की 80 वर्ष पूर्व हुई मानवीय त्रासदी पर केंद्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। फिल्म में विभाजन के दौरान विस्थापन और पीड़ा झेलने वाले परिवारों के संघर्ष को दर्शाया गया।

इसके अलावा लखनऊ में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों पर एलडीए द्वारा तैयार लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने विभाजन के समय पाकिस्तान से भारत आए परिवारों के सदस्यों का अंगवस्त्र पहनाकर अभिनंदन किया। सम्मानित होने वालों में पूर्व विधायक विद्यासागर गुप्ता, पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया और जसवंत कौर शामिल रहीं।

कार्यक्रम में रहे ये गणमान्य लोग मौजूद

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, सांसद बृजलाल, संजय सेठ, उद्यान राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, विधायक योगेश शुक्ला, ओपी श्रीवास्तव, उमेश द्विवेदी, सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल, टिंकू सोनकर, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के सभापति विवेक तोमर, मंडल अध्यक्ष दयाशंकर पांडेय, क्षेत्रीय पार्षद अनुराग मिश्रा, एनबीआरआई के वैज्ञानिक डॉ. शरद श्रीवास्तव समेत भाजपा पदाधिकारी, पार्षद, जनप्रतिनिधि, एलडीए अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

Breaking News:

Recent News: