Search News

लखनऊ में 'बरेली के बच्चन' की स्टारकास्ट ने मनाया शादी के रिसेप्शन का जश्न, यूपी की संस्कृति से जुड़ाव बताया शो की सबसे बड़ी ताकत

बरेली के बच्चन
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: July 17, 2026

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। कलर्स के लोकप्रिय पारिवारिक कॉमेडी शो 'बरेली के बच्चन' की स्टारकास्ट ने शुक्रवार को लखनऊ में एक विशेष शादी के रिसेप्शन थीम कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान कलाकारों ने दर्शकों से मुलाकात की और शो को मिल रहे प्यार के लिए आभार जताया। कार्यक्रम में अभिनेता प्रविष्ट मिश्रा, रमनीक कटारिया, अंश मनुजा और सचिन जीत सिंह मौजूद रहे। कलाकारों ने कहा कि उत्तर प्रदेश की संस्कृति, पारिवारिक रिश्तों और देसी अंदाज से प्रेरित यह शो दर्शकों के दिलों में अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि लखनऊ आना उनके लिए भावनात्मक अनुभव रहा, क्योंकि शो की कहानी और इसके किरदार इसी मिट्टी की खुशबू से जुड़े हैं। कार्यक्रम के दौरान शो की मौजूदा कहानी की भी झलक दिखाई गई। कहानी में कृष्णा अपने दोस्त संगम को परिस्थितियोंवश परिवार की बहू बनाकर घर ले आता है। हालांकि दोनों जानते हैं कि यह रिश्ता केवल दिखावा है, लेकिन संगम के पिता नवविवाहित जोड़े के लिए भव्य रिसेप्शन आयोजित करने की जिद कर देते हैं। ऐसे में बच्चन परिवार के सामने इस झूठे रिश्ते को समाज के सामने निभाने की चुनौती खड़ी हो जाती है, जिससे कई हास्यपूर्ण और भावनात्मक घटनाएं जन्म लेती हैं। 

मुख्य अभिनेता प्रविष्ट मिश्रा ने कहा कि दर्शकों का स्नेह पूरी टीम के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है। उन्होंने कहा कि शो का यह नया ट्रैक समाज में प्रचलित 'लोग क्या कहेंगे' जैसी सोच को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश करेगा। रमनीक कटारिया ने कहा कि संगम का किरदार एक नए परिवार के साथ जुड़ने की यात्रा को दर्शाता है, जिसमें हास्य के साथ रिश्तों की गर्माहट भी देखने को मिलेगी। वहीं अंश मनुजा ने बताया कि उनका किरदार सतलुज परिवार का बेबाक सदस्य है, जिसकी कृष्णा के साथ नोकझोंक दर्शकों को पसंद आ रही है। लखनऊ निवासी सचिन जीत सिंह ने कहा कि अपने शहर में शो को मिल रहा प्यार उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि उनका किरदार 'माही' आज की युवा पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करता है, जो सोशल मीडिया से जुड़ा है और अपनी बात बेबाकी से रखता है। गौरतलब है कि 'बरेली के बच्चन' का प्रसारण हर सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे कलर्स चैनल और जियो हॉटस्टार पर किया जाता है।

Breaking News:

Recent News: