Search News

लखनऊ में स्वास्थ्य विभाग ने लगाए 18 हजार पौधे

लखनऊ में स्वास्थ्य विभाग ने वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत 18 हजार पौधे लगाए। महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण और सीएमओ डॉ. एन.बी. सिंह ने अभियान का शुभारंभ किया।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: July 12, 2026

लखनऊ में स्वास्थ्य विभाग का वृहद वृक्षारोपण अभियान, 18 हजार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण अभियान को जनआंदोलन बनाने की दिशा में रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने जनपद लखनऊ में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया। अभियान के तहत चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एन.बी. सिंह ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छितवापुर एवं हेल्थ पोस्ट औरंगाबाद में पीपल और पाकर के पौधे लगाकर अभियान का शुभारंभ किया।

महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण ने कहा कि उपमुख्यमंत्री के आह्वान पर स्वास्थ्य विभाग पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधा स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध वायु और बेहतर जनस्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान है। पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य एक-दूसरे के पूरक हैं, इसलिए पौधारोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाया जाना चाहिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने बताया कि रविवार को जनपद के सभी शहरी एवं ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों के साथ-साथ निजी चिकित्सालयों में भी बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के लगभग 18 हजार पौधे लगाए गए।

उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने से वायु प्रदूषण को कम करने के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य में भी सकारात्मक सुधार होगा। उन्होंने सभी नागरिकों से पौधारोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया, ताकि यह अभियान स्थायी रूप से सफल हो सके।

इस अवसर पर नोडल वृक्षारोपण डॉ. किसलय बाजपेयी, अधीक्षक डॉ. शाही रजा, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैली गुप्ता, हेल्थ पोस्ट औरंगाबाद के चिकित्सक एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

Breaking News:

Recent News: