लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। नवयुग कन्या महाविद्यालय, राजेंद्र नगर की रसायन विज्ञान विभाग की सहायक आचार्य डॉ. नेहा अग्रवाल को लखनऊ विश्वविद्यालय के 69वें दीक्षांत समारोह में 'टीचर एक्सीलेंस अवार्ड' से सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। डॉ. नेहा अग्रवाल को यह सम्मान उच्चस्तरीय शोध कार्य, अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित शोधपत्र, अंतरराष्ट्रीय प्रकाशकों द्वारा प्रकाशित पुस्तकें एवं संपादित ग्रंथ, पेटेंट, नवाचार, उत्कृष्ट अध्यापन, संस्थागत विकास और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला है। राष्ट्रीय सेवा योजना(एनएसएस) कार्यक्रम अधिकारी के रूप में उन्होंने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और सामुदायिक सेवा से जुड़े अनेक अभियान संचालित किए हैं। इसके अलावा आईक्यूएसी, अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ, कौशल विकास, नवाचार तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक गतिविधियों के आयोजन में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. नेहा अग्रवाल का सम्मान संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता और शोध संस्कृति का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. अग्रवाल भविष्य में भी शिक्षा, अनुसंधान और समाज सेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाती रहेंगी। समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।
