लखनऊ स्टेशन पर अवैध वेंडरों के खिलाफ रेलवे का विशेष अभियान, 9 अनधिकृत विक्रेता पकड़े गए
लखनऊ। यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराने और रेलवे परिसरों में अनधिकृत विक्रेताओं की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा विशेष जांच अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में लखनऊ रेलवे स्टेशन पर जुलाई माह में कैटरिंग विभाग की ओर से दो विशेष जांच अभियान संचालित किए गए।
अभियान के दौरान रेलवे परिसर और ट्रेनों में बिना अनुमति के खानपान सामग्री बेच रहे 9 अनधिकृत वेंडरों को पकड़ा गया। सभी आरोपितों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सुपुर्द कर दिया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले जून माह में लखनऊ मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर चलाए गए 16 विशेष जांच अभियानों के दौरान कुल 56 अनधिकृत वेंडरों को रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में अवैध रूप से खानपान सामग्री बेचते हुए पकड़ा गया था। इन सभी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान केवल रेलवे द्वारा अधिकृत स्टॉलों और लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खाद्य एवं पेय पदार्थ खरीदें। किसी भी अनधिकृत वेंडर से सामान खरीदने से बचें और यदि कोई संदिग्ध या अवैध विक्रेता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139, निकटतम रेलवे कर्मचारी या रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को दें।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराया जा सके तथा रेलवे परिसरों में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके
