रिश्तेदारी का फायदा उठाकर घर में की थी चोरी, बेचने से पहले पुलिस ने दबोचा; वारदात में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद
लखनऊ। राजधानी लखनऊ की महिगवां थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 72 घंटे के भीतर एक बड़ी चोरी की वारदात का सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया है। दोनों के कब्जे से चोरी किए गए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, ₹50 हजार नकद और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को बाकेनगर चौराहा, मोहम्मदपुर सरैया निवासी शिव मोहन मिश्रा ने अपने मकान से सोने-चांदी के जेवर, नकदी तथा पूजा घर में रखी चांदी की मूर्तियां चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में थाना महिगवां पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना, तकनीकी साक्ष्यों तथा पतारसी-सुरागरसी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच के बाद पुलिस ने सौरभ गुप्ता (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथ शामिल एक 17 वर्षीय बाल अपचारी को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत संरक्षण में लिया गया।
रिश्तेदारी का उठाया फायदा, पहले से बनाई थी चोरी की योजना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पूर्व नियोजित योजना के तहत बाल अपचारी के बाबा के मकान में रात के समय प्रवेश किया। कमरे और अलमारी के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा पूजा घर में रखी चांदी की मूर्तियां चोरी कर लीं। चोरी के बाद पूरा सामान सौरभ गुप्ता के मामा की कपड़ों की दुकान की टांड पर छिपा दिया गया था। आरोपी चोरी का सामान आपस में बांटकर बेचने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पारिवारिक संबंधों और घर की आंतरिक जानकारी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया था, जिससे उन्हें घर की संरचना और सामान की पूरी जानकारी थी।
बरामद हुआ चोरी का पूरा सामान
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने दो सोने की चेन, चार कंगन, दो झुमकी, चार अंगूठियां, एक मंगलसूत्र, पांच जोड़ी टॉप्स, चार नाक की कील, एक सोने का सिक्का, दस जोड़ी चांदी की पायल, 34 बिछिया, भगवान गणेश एवं माता लक्ष्मी की चांदी की मूर्तियां, ₹50,000 नकद तथा घटना में प्रयुक्त TVS NTORQ स्कूटी बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।
न्यायालय में पेश किया गया आरोपी
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई सर्वोच्च न्यायालय एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए की गई। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई, जबकि बाल अपचारी के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
