बंद मकानों को निशाना बनाकर देते थे वारदात को अंजाम, तीन चोरी के मामलों का खुलासा

लखनऊ। राजधानी के सैरपुर थाना पुलिस ने बंद मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर तीन चोरी के मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, आधार कार्ड तथा चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल किया गया एक ऑटो ई-रिक्शा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर छठामील क्षेत्र स्थित फर्रुखाबाद मोड़ के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उनकी पहचान मो. वैश खान (22 वर्ष) निवासी मुतकीपुर, थाना मड़ियांव तथा सलमान (23 वर्ष) निवासी आईआईएम रोड, थाना मड़ियांव के रूप में हुई।
ये सामान हुआ बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक जोड़ी सोने के टॉप्स, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक अंगूठी, एक चांदी का चम्मच, दो खंगौड़े, दो सिक्के, दो आधार कार्ड, ₹3,300 नकद तथा चोरी की वारदात में प्रयुक्त एक ऑटो ई-रिक्शा बरामद किया।
तीन चोरी के मामलों का खुलासा
पुलिस जांच में बरामद सामान थाना सैरपुर में दर्ज तीन अलग-अलग चोरी के मुकदमों से संबंधित पाया गया। इसके बाद संबंधित मामलों में बरामदगी की धाराएं बढ़ाते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों ने राजधानी या आसपास के क्षेत्रों में अन्य चोरी की घटनाओं को भी अंजाम दिया है या नहीं।
