Search News

लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण, सरोजनीनगर में औद्योगिक विकास और निवेश को मिलेगी नई गति: डॉ. राजेश्वर सिंह

लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेसवे के लोकार्पण पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने इसे सरोजनीनगर के औद्योगिक विकास, निवेश, रोजगार और बेहतर कनेक्टिविटी का नया अध्याय बताया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी शामिल रहे।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: July 14, 2026

₹4,850 करोड़ से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और डबल इंजन सरकार के विकास मॉडल की सराहना

लखनऊ। सरोजनीनगर स्थित यूपी सैनिक स्कूल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की उपस्थिति में ₹4,850 करोड़ से अधिक लागत की तीन महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इस दौरान रिकॉर्ड समय में निर्मित लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेसवे का भी औपचारिक लोकार्पण हुआ, जिसे उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

 

इस ऐतिहासिक अवसर पर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए कहा कि लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेसवे सरोजनीनगर के लिए समृद्धि, औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसरों का द्वार साबित होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह एक्सप्रेसवे क्षेत्र को उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाएगा।

 

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से सरोजनीनगर में औद्योगिक निवेश को गति मिलेगी, टेक्सटाइल हब के विकास को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, निवेश और आधुनिक सुविधाओं तक पहले से अधिक तेज और सुगम पहुंच उपलब्ध होगी, जिससे क्षेत्र समग्र विकास के नए दौर में प्रवेश करेगा।

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आधुनिक अवसंरचना और मजबूत कनेक्टिविटी के माध्यम से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेसवे को प्रदेश की आर्थिक प्रगति और स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) के विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए कहा कि यह एक्सप्रेसवे क्षेत्रीय विकास को नई गति देगा।

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मजबूत कानून व्यवस्था और विश्वस्तरीय अवसंरचना के कारण प्रदेश तेजी से औद्योगिक निवेश का प्रमुख केंद्र बन रहा है। उन्होंने लखनऊ एयरपोर्ट से आउटर रिंग रोड तक प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे राजधानी की यातायात व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

 

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के लिए ₹50,000 से ₹60,000 करोड़ की नई सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेसवे सहित नई कनेक्टिविटी परियोजनाएं प्रदेश में औद्योगिक विकास, निवेश और सुगम आवागमन को नई दिशा देंगी तथा आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश का राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क और अधिक मजबूत होगा।

 

कार्यक्रम के समापन पर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, विधानसभा अध्यक्ष, उपमुख्यमंत्रियों, मंत्रिपरिषद, सांसदों, विधायकों तथा उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और सरोजनीनगर भी इस परिवर्तन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।

 

 

Breaking News:

Recent News: