Search News

लेबर कॉलोनी वार्ड में पीसीटीएस का महापौर ने किया उद्घाटन

महापौर सुषमा खर्कवाल ने राजाजीपुरम में पोर्टेबल कंपैक्टर ट्रांसफर स्टेशन का उद्घाटन किया, शहर में बन रहे 52 में से 26 केंद्र तैयार।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: August 22, 2026

लेबर कॉलोनी वार्ड में पीसीटीएस का महापौर ने किया उद्घाटन

शहर में बनाए जा रहे 52 पीसीटीएस/एफसीटीएस, अब तक 26 केंद्र तैयार

लखनऊ। राजाजीपुरम के लेबर कॉलोनी वार्ड स्थित अलीतरंग में महापौर सुषमा खर्कवाल ने शुक्रवार को नगर निगम की कार्यदायी संस्था लायन एनवायरो द्वारा स्थापित पोर्टेबल कंपैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (पीसीटीएस) का उद्घाटन किया।

उद्घाटन के मौके पर रहे ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद

इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, पार्षद अजय दीक्षित, गौरी सांवरिया, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, जोनल अधिकारी जोन-2 मनोज यादव, पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान, जोनल सेनेटरी अधिकारी राम सकल यादव और लायन एनवायरो के एमडी रणधीर सिंह सहित नगर निगम एवं लायन एनवायरो के अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

कचरा संग्रहण व्यवस्था होगी अधिक प्रभावी: महापौर

महापौर सुषमा खर्कवाल ने इस अवसर पर कहा कि पीसीटीएस/एफसीटीएस के निर्माण से शहर में कचरा संग्रहण एवं परिवहन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि नगर निगम का प्रयास है कि स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक तकनीक और बेहतर संसाधनों से मजबूत किया जाए, जिससे शहरवासियों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके।

52 में से 26 पीसीटीएस/एफसीटीएस का निर्माण पूरा

नगर निगम द्वारा शहर में कुल 52 पीसीटीएस/एफसीटीएस बनाए जा रहे हैं, जिनमें से अब तक 26 का निर्माण पूरा हो चुका है। इन केंद्रों के माध्यम से कचरे के संग्रहण, संपीड़न एवं परिवहन की व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित किया जा रहा है। इससे कचरे के परिवहन में सुविधा के साथ-साथ शहर की स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

 

Breaking News:

Recent News: