लोडर चालक ने यातायात सिपाही को कुचलने का किया प्रयास, विरोध पर मारपीट और जान से मारने की धमकी
सरोजनीनगर में शहीद पथ-कानपुर रोड तिराहे पर हुई घटना, पुलिस ने चालक को किया गिरफ्तार, दो साथी फरार
सरोजनीनगर क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान एक यातायात पुलिसकर्मी से मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने वाहन चालक को मौके से पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।
कैसे हुई घटना?
यातायात पुलिस लाइन में तैनात सिपाही हमातउल्ला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 3 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे उनकी ड्यूटी शहीद पथ–कानपुर रोड तिराहे पर लगी थी। इसी दौरान कानपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे अशोक लेलैंड लोडर (डाला) संख्या UP32RT4811 के चालक ने कथित रूप से वाहन उनके ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया।
विरोध पर मारपीट, जान से मारने की धमकी
सिपाही का आरोप है कि विरोध करने पर चालक और उसके दो साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपियों ने वर्दी पकड़कर उन्हें नीचे गिरा दिया, मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। शोर सुनकर मौके पर मौजूद टीएसआई और अन्य यातायात पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।
चालक गिरफ्तार, दो साथी फरार
घटना के बाद वाहन चालक अमित पुत्र राम गोपाल को वाहन सहित पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची सरोजनीनगर पुलिस चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
FIR दर्ज, जांच जारी
पीड़ित यातायात सिपाही ने आरोपित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
