लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। सीबीएसई हाईस्कूल (दसवीं) परीक्षा परिणाम घोषित होते ही रानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल स्कूल, इंदिरा नगर सेक्टर-14 स्थित शाखा में खुशी का माहौल छा गया। मेधावी छात्र-छात्राएं विद्यालय परिसर में एकत्र हुए और एक-दूसरे को गले लगाकर व मिठाई खिलाकर अपनी सफलता का जश्न मनाया। विद्यालय प्रबंधन ने भी इस शानदार प्रदर्शन पर छात्रों को सम्मानित किया। संस्थापक जयपाल सिंह, डायरेक्टर निर्मल टंडन, निदेशक नरेंद्र प्रताप सिंह, मोहिंदर सिंह एवं शिक्षकों ने मेधावियों को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। परीक्षा परिणाम में विद्यालय की छात्रा अक्षरा पांडे ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं आदित्री गुप्ता ने 98.4 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय, अविका यादव ने 98.2 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। अभिज्ञान सिंह और साक्षी सिंह पटेल ने 97.8 प्रतिशत अंक के साथ चौथा स्थान हासिल किया। तान्या कुशवाहा 97.6 प्रतिशत अंक के साथ पांचवें स्थान पर रहीं, जबकि मुद्रा श्रीवास्तव ने 97.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर छठा स्थान प्राप्त किया। सातवें स्थान पर अनन्या त्रिपाठी और पुण्योदय शुक्ला (97.2 प्रतिशत), आठवें स्थान पर अनन्या सिंह, सारिका गुप्ता, मो. अमीन, आदर्श सिंह और अर्णव सिंघल (97 प्रतिशत), नौवें स्थान पर पद्मजा तिवारी और आकृति श्रीवास्तव (96.8 प्रतिशत) तथा दसवें स्थान पर दीक्षा शर्मा, हीरा अहमद खान, सिद्धार्थ त्रिवेदी और स्वास्तिक अवस्थी (96.4 प्रतिशत) रहे। विद्यालय प्रशासन के अनुसार इस वर्ष 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले कुल 218 विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय प्रबंधन ने सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी सफलता को कड़ी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया।



