• सिटी स्कूल ऑफ डांस एंड म्यूजिक ने आयोजित किया भव्य हरियाली तीज उत्सव-2026
लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। महानगर स्थित एक होटल में रविवार को सिटी स्कूल ऑफ डांस एंड म्यूजिक की ओर से भव्य हरियाली तीज उत्सव-2026 का आयोजन किया गया। सावन की हरियाली और तीज के उल्लास से सराबोर कार्यक्रम में महिलाओं ने हरे रंग के परिधानों में सजकर अपनी खूबसूरती और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि लखनऊ की पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया रहीं। उत्सव में तीज क्वीन, रैंप वॉक, डांस और सिंगिंग समेत कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें करीब 50 महिलाओं ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों, आत्मविश्वास और हुनर से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में कविता शुक्ला, गुंजन वर्मा और पुनीता अवस्थी शामिल रहीं। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, प्रतिभा और आत्मविश्वास के आधार पर उनका मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में अंजली ने तीज क्वीन का खिताब अपने नाम किया। नेहा सिंह फर्स्ट रनरअप और ज्योति सिंह सेकेंड रनरअप रहीं।

कार्यक्रम की आयोजक दिव्या शुक्ला ने कहा कि संस्था की ओर से हर वर्ष विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इन आयोजनों का उद्देश्य महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। हरियाली तीज उत्सव के माध्यम से महिलाओं को आपस में जुड़ने, एक-दूसरे से परिचित होने और अपने भीतर छिपी प्रतिभा को सामने लाने का अवसर मिला। प्रतिभागी महिलाओं ने भी आयोजन की सराहना करते हुए आयोजक दिव्या शुक्ला का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने और नए लोगों से जुड़ने का अवसर मिलता है। महिलाओं ने भविष्य में भी इस तरह के आयोजन निरंतर किए जाने की उम्मीद जताई। इस मौके पर कमला बिष्ट अनीता, प्रेमलता, प्रियंका, ममता राजपूत डॉ अरुणा, ज्योति, नेहा सिंह, तृप्ति गुप्ता, स्वेता मिश्रा, संध्या सिंह, नीतू तिवारी, बिंदू शुक्ला, प्रिया श्रीवास्तव, सुनीता वर्मा, मंजू श्रीवास्तव व सुनीता भटनागर समेत अन्य महिलाएं मौजूद रही।


