मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नागरिक सुरक्षा विभाग के विस्तार के तहत सात नवसृजित जनपदों के स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, रेस्क्यू और सीपीआर का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सिविल डिफेंस के राज्य स्तरीय प्रशिक्षण संस्थान, लखनऊ में नवसृजित जनपदों के नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के लिए आयोजित 12 दिवसीय बेसिक ओरिएंटेशन कोर्स का सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को संस्थान की कमांडेंट पीसीएस अधिकारी प्रियंका सिंह के हस्ताक्षरयुक्त प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जनपदों में नागरिक सुरक्षा विभाग का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, सुलतानपुर, हरदोई, सीतापुर और गोंडा से नव नियुक्त स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण के लिए लखनऊ भेजा गया था।
वरिष्ठ अधिकारी योगेश कुमार के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्वयंसेवकों को सिविल डिफेंस का इतिहास, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, अग्निशमन, रेस्क्यू ऑपरेशन, सीपीआर, अग्निशमन यंत्रों का संचालन, कैजुअलिटी लोडिंग एवं अनलोडिंग तथा क्षतिग्रस्त भवनों में सुरक्षित प्रवेश जैसी महत्वपूर्ण व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए कुल 34 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वयंसेवकों को आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्य करने के लिए सक्षम बनाना रहा।
