लोगो डिज़ाइन प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के अभय गुप्ता और सुश्री झील गौतम हुए सम्मानित
लखनऊ/नई दिल्ली, 29 जून। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विशेष रूप से प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं ग्रामीण विकास योजनाओं से संबंधित एक महत्वपूर्ण पुस्तिका के विमोचन के साथ हुआ। सम्मेलन का उद्देश्य ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नवाचार, जनभागीदारी, सुशासन और सतत विकास के विभिन्न आयामों पर व्यापक चर्चा करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की। इस अवसर पर महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में 'लखपति दीदी डेस्कबोर्ड' का भी शुभारंभ किया गया।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को मिलेगी नई गति
नव लॉन्च किया गया 'लखपति दीदी डेस्कबोर्ड' स्वयं सहायता समूहों (SHGs) से जुड़ी महिलाओं की प्रगति की निगरानी, उनकी आय में वृद्धि, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा रियल टाइम डेटा के आधार पर बेहतर नीति निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और सतत आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
ग्रामीण विकास को मिली नई दिशा : केशव प्रसाद मौर्य
सम्मेलन को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में ग्रामीण विकास को नई गति मिली है। सरकार का उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों, किसानों, युवाओं और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा प्रदान की है और 'लखपति दीदी' अभियान महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।
उत्तर प्रदेश के युवाओं का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान
सम्मेलन का मुख्य आकर्षण डिजिटल प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान समारोह रहा। MyGov पोर्टल पर आयोजित 'लोगो डिज़ाइन प्रतियोगिता' तथा My Bharat पोर्टल के माध्यम से आयोजित रील्स एवं क्विज़ प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
विशेष रूप से '60 Seconds for My Village' राष्ट्रीय रील एवं वीडियो चैलेंज प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के अभय गुप्ता और सुश्री झील गौतम को उनकी रचनात्मकता तथा ग्रामीण विकास के प्रति उत्कृष्ट योगदान के लिए केंद्रीय मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।
ग्रामीण विकास के नवाचारों पर हुआ मंथन
सम्मेलन में देशभर के विभिन्न राज्यों के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, नीति-निर्माताओं, विशेषज्ञों और ग्रामीण विकास से जुड़े अनेक हितधारकों ने भाग लिया। इस दौरान ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं, नवाचारों और सफल मॉडलों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा राज्यों के बीच श्रेष्ठ अनुभवों के आदान-प्रदान पर विशेष जोर दिया गया।
